नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम
BOL PANIPAT । हरियाणा राज्य नारकोटिक्स कण्ट्रोल ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक ओपी सिंह के दिशानिर्देशों एवं पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन भापुसे और अनिल कुमार के मार्गदर्शन में नशे के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा उच्चाधिकारियों के दिशानिर्देशों से प्रतिदिन हरियाणा के विभिन्न संस्थानों में जाकर नशे के विरुद्ध प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। आज दयाल सिंह पब्लिक स्कूल पानीपत में नशे के विरुद्ध एक दिवसीय 57 वां जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। ब्यूरो के जागरूकता कार्यक्रम एवं पुनर्वास प्रभारी/ उप निरीक्षक डॉ. अशोक कुमार वर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि राष्ट्रीय अपराध अभिलेख ब्यूरो के आंकड़ों के अनुसार अधिकतर 90 प्रतिशत अपराधों की जड़ केवल और केवल नशा है। इस विषय पर उन्होंने खुले मंच पर विद्यार्थियों को आमंत्रित कर उनके विचार जानकर उनसे ही समाधान ढूंढ़ने को कहा और वार्तालाप के माध्यम से उन्हें नशे से दूर रहने के लिए जागरूक किया। नशे के कारण, निवारण और समाधान पर चर्चा करते हुए डॉ. वर्मा ने कहा कि विधि अनुसार प्रतिबंधित नशा रखना, सेवन करना, क्रय विक्रय करना, उत्पादन करना और ऐसे कार्य में किसी की सहायता करना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित एवं दंडनीय है। कार्यशाला में इस महत्वपूर्ण विषय पर चर्चा परिचर्चा में विद्यार्थियों को जोड़कर इसे और अधिक रोचक बनाया गया। डॉ. वर्मा ने बताया कि नशा मुक्त समाज के लिए हरियाणा सरकार कृत संकल्प है। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित जनों द्वारा जीवन में नशा न करने की सौगंध ली गई।

Comments