बाल दिवस महोत्सव 2026 के अंतर्गत बाल भवन पानीपत में 21 से 24 अक्टूबर तक आयोजित होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं
BOL PANIPAT , 15 अक्टूबर। बाल दिवस के उपलक्ष्य में बाल भवन पानीपत द्वारा प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी 21 अक्टूबर से 24 अक्टूबर 2026 तक बाल दिवस महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान बच्चों की प्रतिभा को निखारने तथा उन्हें अपनी कला, रचनात्मकता एवं कौशल प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से 20 प्रकार की विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
जिला बाल कल्याण अधिकारी रितु राठी ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिताओं का आयोजन बाल भवन पानीपत में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों में आत्मविश्वास, रचनात्मक सोच, सांस्कृतिक अभिरुचि एवं स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा। सभी प्रतियोगिताएं श्रीमती रितु राठी की अध्यक्षता में आयोजित होंगी।
इन प्रतियोगिताओं में शामिल हैं:- क्ले मॉडलिंग, दीया सजावट, स्केचिंग, पोस्टर मेकिंग, थाली/कलश सजावट, रंगोली, मेहंदी, रागिनी, लडक़े एवं लड़कियों के लिए मनोरंजक खेल, भाषण, समूह नृत्य, एकल नृत्य, देशभक्ति समूहगान, बेस्ट ड्रामेबाज, शास्त्रीय नृत्य, एकल गायन, फैंसी ड्रेस, हिंदी एवं अंग्रेजी सुलेख, एकांकी नाटक तथा प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता।
रितु राठी ने बताया कि इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए बेहतर मंच प्रदान करना तथा उनके सर्वांगीण विकास को प्रोत्साहित करना है। इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों को अपनी रुचि एवं क्षमता के अनुसार आगे बढऩे का अवसर मिलता है।
उन्होंने कहा कि बाल दिवस बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, खुशियों और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने का विशेष अवसर है। बाल भवन पानीपत द्वारा बच्चों के लिए आयोजित की जा रही ये प्रतियोगिताएं उनकी रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक प्रतिभा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। बाल भवन पानीपत का प्रयास है कि अधिक से अधिक बच्चे इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करें तथा बाल दिवस महोत्सव को उत्साहपूर्वक सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता संबंधी अधिक जानकारी के लिए फोन नम्बर 7027965505 पर सम्पर्क किया जा सकता है।

Comments