विशेष ग्राम सभा में तय होगी गांवों के विकास की कार्य योजना: अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे
वी बी-जी राम जी योजना के तहत 2 अक्तूबर को सभी ग्राम पंचायतों में होगी विशेष ग्राम सभा
पानी, सडक़, आजीविका और आपदा से बचाव से जुड़े विकास कार्यों पर ग्रामीण देंगे सुझाव
375 प्रकार के कार्यों में से गांव की जरूरत के अनुसार तैयार होगी वित्तीय वर्ष 2027-28 की योजना
BOL PANIPAT, 30 सितंबर। अतिरिक्त उपायुक्त अंकित कुमार चौकसे ने बताया कि ग्रामीण विकास विभाग, हरियाणा तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार के निर्देशानुसार विकसित भारत-जी राम जी योजना के तहत 2 अक्तूबर को सभी ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं में वीबी-जी राम जी योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2027-28 में करवाए जाने वाले विकास कार्यों की योजना तैयार की जाएगी।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि विशेष ग्राम सभा गांव के विकास की प्राथमिकताएं तय करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से आह्वान किया कि वे 2 अक्तूबर को आयोजित होने वाली ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपने गांव की वास्तविक जरूरतों को ग्राम पंचायत के समक्ष रखें।
उन्होंने कहा कि गांव में कहां पानी से संबंधित सुविधा की आवश्यकता है, कहां सडक़ या अन्य बुनियादी ग्रामीण ढांचे को मजबूत करने की जरूरत है, आजीविका से जुड़ी कौन सी सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए तथा मौसम से संबंधित जोखिमों से बचाव के लिए क्या इंतजाम जरूरी हैं, इन सभी विषयों पर ग्रामीण अपने सुझाव दें।
उन्होंने बताया कि ग्रामीण विकास मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वीबी-जी राम जी योजना के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में करवाए जा सकने वाले कुल 375 स्वीकृत कार्यों को चार प्रमुख श्रेणियों में बांटा गया है। इनमें जल से संबंधित 128 कार्य, बुनियादी ग्रामीण ढांचे से संबंधित 111 कार्य, आजीविका से संबंधित बुनियादी ढांचे के 98 कार्य तथा आपदा तैयारी से संबंधित 38 कार्य शामिल हैं।
अंकित कुमार चौकसे ने कहा कि ग्राम सभा में ग्रामीणों की भागीदारी से गांव की जरूरतों के अनुरूप विकसित ग्राम पंचायत योजना तैयार करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि योजना बनाते समय स्थानीय आवश्यकताओं और ग्रामीणों की प्राथमिकताओं को विशेष महत्व दिया जाएगा, ताकि उपलब्ध संसाधनों का उपयोग गांव की वास्तविक जरूरतों के अनुसार किया जा सके।
अतिरिक्त उपायुक्त ने ग्रामीणों से अपील की कि वे केवल अपनी व्यक्तिगत समस्याओं तक सीमित न रहें, बल्कि पूरे गांव के विकास से जुड़े सुझाव भी ग्राम सभा में रखें। उन्होंने कहा कि पानी, सडक़, आधारभूत सुविधाओं, आजीविका के अवसरों और मौसम संबंधी जोखिमों से बचाव जैसे विषय सीधे तौर पर ग्रामीण जीवन से जुड़े हैं। इसलिए प्रत्येक ग्रामीण की भागीदारी से तैयार योजना गांव के समग्र विकास के लिए उपयोगी साबित होगी।

Comments