Monday, September 7, 2026
Newspaper and Magzine


पुलिस ने “सेवा पखवाड़ा” अभियान के तहत ग्रामीणों को किया जागरूक. महिला विरूद्ध अपराध व नशे के विरूद्ध दी जानकारी.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at September 26, 2025 Tags: , , , , ,

BOL PANIPAT : 26 सितंबर 2025, सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के निर्देशन में पानीपत पुलिस द्वारा शुक्रवार को गांव राजाखेड़ी व राणा माजरा में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि पहुंचे एएसपी हर्षित गोयल आईपीएस का गांव के लोगों ने स्वागत किया। इस दौरान एएसपी श्री हर्षित गोयल ने ग्रामीणों से सवांद कर उनकी व्यक्तिगत व सामुदायिक समस्याओं को सुना और कई का मौके पर ही समाधान किया और बची समस्याओं के समाधान के लिए मौके पर मौजूद थाना प्रभारियों के निर्देश दिए।
इस अवसर पर थाना सनौली प्रभारी इंस्पेक्टर वेदपाल, थाना किला प्रभारी सब इंस्पेक्टर श्रीनिवास व गांव के सरपंच, मौजिज व्यक्ति व काफी संख्या ग्रामीण मौजूद रहें। उक्त अभियान का मुख्य उद्देश्य स्वच्छता, पौधरोपण, रक्तदान, कानून व्यवस्था, अपराध व अपराधियों से दूरी, साइबर क्राइम से बचाव, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों का पालन और नशा उन्मूलन जैसी महत्वपूर्ण जानकारियों के माध्यम से समाज में जागरूकता फैलाना है।

एएसपी हर्षित गोयल ने इस दौरान संबोधित करते हुए ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणामों व महिला विरूध अपराध की जानकारी देकर जागरूक किया। उन्होंने नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर गहरी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि यह एक सामाजिक बुराई है, जिसे खत्म करने के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि यदि कहीं भी नशे से संबंधित गतिविधि की सूचना मिले, तो उसे तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं, ताकि दोषियों के खिलाफ तत्पर व कड़ी कार्यवाही की जा सके। युवाओं को नशे से दूर रखकर शिक्षा और रोजगार के सही अवसरों की ओर अग्रसर करना ही समाज की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है। राज्य सरकार और पुलिस मिलकर समाज को नशे के दुष्चक्र से मुक्त करने का प्रयास कर रही है। इसके लिए विशेष हेल्पलाईन नम्बर 1933 भी जारी किया गया है। इस नंबर पर नशीले पदार्थों की बिक्री, उनका उपयोग से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना सांझा की जा सकती है। इस संबंध में सूचना देने वाले की पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।

महिला विरूद्ध अपराध के बारे जागरूक

इस दौरान महिला विरूद्ध अपराध के बारे जागरूक कर महिला हेल्प लाइन नंबर 1091, दुर्गा शक्ति एप, डायल 112 इत्यादी की जानकरी दी। उन्होंने कहा कि महिलाओं व बच्चों को लेकर पुलिस बहुत ही संवेदनशील है। कानून में इन अपराधों को लेकर कठोर नियम व सजा का प्रावधान है, इसलिए अपने भविष्य को सुरक्षित रखते हुए इनसे बचें व अन्य लोगों को भी इस प्रकार के अपराधों से बचाएं। पुलिस सदैव सुरक्षा के लिए तत्पर है, इसलिए किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना पुलिस को बिना किसी देरी व बिना किसी झिझक के अवश्य दें।

एएसपी हर्षित गोयल ने कहा कि पुलिस और आमजन के बीच बेहतर समन्वय होना आवश्यक है। इससे अपराध और गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकता है। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि अक्सर वे अपराधियों के झांसे में आकर जघन्य अपराधों में लिप्त हो जाते हैं। उन्होंने अपील की कि युवा कानून का सम्मान करें, अपराधियों से दूरी बनाए रखें और किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधियों को बर्दाश्त न करें। पुलिस को सूचना दे।

Comments