Tuesday, June 30, 2026
Newspaper and Magzine


एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में हरियाणा सरकार द्वारा प्रायोजित गीता ओलंपियाड की तैयारी हेतु छः दिवसीय गीता शिविर का शुभ आगाज़

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at November 24, 2023 Tags: , , , ,

कृष्ण चेतना के लिए अंतर्राष्ट्रीय सोसायटी (इस्कॉन) की देख-रेख और कुरुक्षेत्र विश्वविधालय एवं कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड का सामूहिक प्रयास है गीता ओलंपियाड दुनिया के हर युवा तक गीता के ज्ञान को पहुंचाना गीता ओलंपियाड का मकसद: इस्कॉन

BOL PANIPAT , 24 नवम्बर.

     एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में हरियाणा सरकार द्वारा प्रायोजित तथा कृष्ण चेतना के लिए अंतर्राष्ट्रीय सोसायटी (इस्कॉन) की देख-रेख और कुरुक्षेत्र विश्वविधालय एवं कुरुक्षेत्र विकास बोर्ड के सामूहिक प्रयासों से गीता ओलंपियाड के अवसर पर ‘बन्धनों से परे’ विषय पर छः दिवसीय शिविर का शुभ आगाज़ हुआ जिसका उद्देश्य कॉलेज के युवा छात्र-छात्राओं तक गीता के ज्ञान को बहुत ही सरल भाषा में पहुंचाना है । पहले दिन आयोजित शिविर में लगभग 40 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया और गीता ओलंपियाड टीम के सदस्यों सौरभ सैनी और रोहित शर्मा से गीता ज्ञान बहुत ही सरल भाषा में लिया । विदित रहे कि कृष्ण चेतना के लिए अंतर्राष्ट्रीय सोसायटी (इस्कोन) की देख-रेख में 10 दिसम्बर को गीता ओलंपियाड परीक्षा का आयोजन किया जाएगा जिसमे दुनिया भर के युवा भाग लेंगे । कॉलेज के भी लगभग 250 विद्यार्थियों ने इस परीक्षा के लिए अपना पंजीकरण करवाया है और इसी की तैयारी हेतू छः दिवसीय गीता शिविर का आगाज आज हुआ । 10 दिसम्बर को आयोजित परीक्षा के सफल टॉप 200 विद्यार्थियों को कुरुक्षेत्र जिले के विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों पर ले जाया जाएगा जिसका सारा खर्च हरियाणा सरकार वहन करेगी । हरियाणा के राज्यपाल महामहिम बण्डारू दत्तात्रेय भी इस ओलंपियाड के आयोजन की प्रशंसा कर चुके है और उन्होनें ही गीता के संदेश को दुनिया के हर कोने में पहुंचाने के लिए इस्कॉन को यह रूपरेखा दी थी । शिविर में मंच का संचालन कॉलेज में सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रभारी डॉ संगीता गुप्ता ने किया ।      

सौरभ सैनी ने बताया कि देशभर में होने वाले साइंस व मैथ ओलंपियाड की तर्ज पर अब इंटरनेशनल गीता ओलंपियाड का आयोजन किया जा रहा है जिसमें 17 से 25 वर्ष का कोई भी युवा छात्र-छात्रा भाग ले सकता है । पहले विद्यार्थियों के लिए गीता के विभिन्न विषयों पर कक्षाएं एवं शिविर लिए जायेंगे और फिर उसके बाद 10 दिसम्बर को लिखित परीक्षा का ऑनलाइन आयोजन होगा । इसमें सफल रहने वाले टॉप 200 विद्यार्थियों को न केवल अंतरराष्ट्रीय गीता महोत्सव जैसे बड़े आयोजन के दौरान सम्मानित किया जाएगा बल्कि उन्हें प्रमाणपत्र भी दिया जाएगा । गीता का मर्म देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए यह बीड़ा इस्कॉन ने उठाया है ।    

  रोहित शर्मा ने कहा किइस्कॉन की ओर से तैयार की गई गीता ओलंपियाड पुस्तिका को भी राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय ने जमकर सराहा है । उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से देश-विदेश में गीता का सार पहुंचेगा और आम लोगों को अपने जीवन की भी समझ हो पाएगी । गीता में ही जीवन का पूरा सार निहित है और वर्तमान में इस संदेश का हर व्यक्ति के जीवन में बड़ा महत्व है । यही इस आयोजन का उद्देश्य है ।      

डॉ संगीता गुप्ता ने कहा कि गीता ओलंपियाड एक परिवर्तनकारी यात्रा है जो सभी को आध्यात्मिक और सामाजिक लाभ प्रदान करने वाली है । युवाओं के लिए यह सिर्फ एक परीक्षा न होकर जीवन बदलने वाला अनुभव होगा ऐसा उन्हें भरोसा है । गीता की शिक्षाएं युवाओं को नशे से बचाएंगी और उन्हें मानसिक रूप से भी सशक्त बनाएंगी । उन्होनें सभी छात्र-छात्राओं से कार्यक्रम में पूर्ण सहयोग देने का आह्वान किया और सभी युवाओं से अनुरोध किया कि वे इस ओलंपियाड में बढ़-चढ़कर भाग लें ।

Comments