स्कूल निर्माण से पूर्व शिक्षा विभाग सभी निर्धारित मानकों को उत्कृष्ट रूप में करे पूरा: उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया
-शिक्षा सुधार को नई दिशा, नए सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के लिए जमीन चयन शुरू
-उपायुक्त डॉ. दहिया का निर्देश, शिक्षा विभाग तेज करे प्रक्रिया, सरकार लेगी अंतिम निर्णय
-जिले में 4 अलग अलग स्थानों पर बनेंगे सीनियर सेकेंडरी स्कूल
BOL PANIPAT ,9 दिसंबर। हरियाणा सरकार शिक्षा को राज्य के सर्वांगीण विकास का सबसे मजबूत आधार मानकर काम कर रही है। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने मंगलवार को जिला सचिवालय ऑफिस में अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशानिर्देश दिए। उपायुक्त डॉ दहिया ने बताया कि जिले में नए सीनियर सेकेंडरी स्कूलों के निर्माण का निर्णय इसी दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
उपायुक्त ने बताया कि हमारा लक्ष्य है कि कोई भी बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से हम काबड़ी रोड, कुटानी रोड उझा रोड़ और बबैल रोड के आसपास के क्षेत्रों में स्कूल निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चयन पूरी गंभीरता और पारदर्शिता के साथ कर रहे हैं। उपायुक्त डॉ दहिया ने सभी संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर देरी न हो। भूमि निरीक्षण से लेकर पोर्टल पर दरों के अंकन तक, हर चरण को पूर्ण ईमानदारी, सटीकता और समयबद्धता के साथ पूरा किया जाए। सरकार की ओर से अंतिम निर्णय आने के पश्चात हम यह सुनिश्चित करेंगे कि नए स्कूल शिक्षा विभाग के सभी निर्धारित मानकों को उत्कृष्ट रूप में पूरा करें।
उपायुक्त डॉ दहिया ने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल इमारतें बनाना नहीं है, बल्कि ऐसा शैक्षिक वातावरण तैयार करना है जो बच्चों के भविष्य को संवार सके। उनकी प्रतिभा को उभार सके और समाज को शिक्षित, सक्षम व सशक्त बनाए। यह परियोजना पानीपत के शिक्षा ढाँचे को नई ऊर्जा और नई दिशा देने वाली साबित होगी। इस मौके पर अतिरिक्त निगम आयुक्त विवेक चौधरी, जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीआरओ कनब लाकड़ा आदि मौजूद रहे।

Comments