आर्य कॉलेज में हुआ रक्तदान शिविर का आयोजन
– रक्तदान के महत्व को समझ कर अपने आस-पास के लोगों को करें प्रेरित – डॉ. जगदीश गुप्ता
BOL PANIPAT – शनिवार 10 जनवरी 2026, शनिवार को आर्य पीजी कॉलेज की एन.एस.एस, यूथ रेड क्रॉस व रेड क्रॉस ब्लड सेंटर पानीपत, श्री कैलाशी सेवा समिति फाउण्डेशन और अग्रवाल युवा क्लब, पानीपत के संयुक्त तत्वावधान में अपना पक्ष के पूर्व संपादक रहे स्वर्गीय राकेश मित्तल की स्मृति में रक्तदान शिविर के साथ-साथ हृदय एवं पेट संबंधी रोगों के निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया। साथ ही पूर्व संपादक राकेश मित्तल की स्मृति में पौधरोपण भी किया गया। रक्तदान शिविर में आर्य कॉलेज के विद्यार्थियों के साथ-साथ पानीपत शहर व गांव से आए व्यक्तियों ने भी पूरे जोश के साथ बढ़-चढ़ कर शिविर में भाग लिया और रक्तदान किया। शिविर में 61 यूनिट रक्त एकत्रित हुआ।
शिविर में मुख्य अतिथि रहे आर्य पीजी कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता, अपना पक्ष पत्रिका की तरफ से आए सम्मानित सदस्यों व स्वर्गीय राकेश मित्तल के परिवारजनों ने स्वर्गीय राकेश मित्तल को श्रद्धांजलि दी।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि कॉलेज की एन.एस.एस इकाई, यूथ रेड क्रॉस व रेड क्रॉस ब्लड सेंटर पानीपत, श्री कैलाशी सेवा समिति फाउण्डेशन, अपना पक्ष पत्रिका परिवार, अग्रवाल युवा क्लब, पानीपत के संयुक्त तत्वावधान अपना पक्ष के पत्रिका के संपादक रहे स्वर्गीय राकेश मित्तल की याद में रक्तदान शिविर के साथ-साथ मैक्स हॉस्पिटल, द्वारका से आए डॉक्टरों की टीम द्वारा हृदय, पेट व मधुमेह संबंधी रोगों का नि:शुल्क जांच शिविर भी लगाया गया। उन्होंने सभी को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में रक्तदान के महत्व के विषय में जागरूकता फैलाना बहुत जरूरी है, लोगों को जीवन का मूल्य समझना चाहिए। हम में से हर एक को रक्तदान करना चाहिए। यह किसी की जान बचा सकता है और इसलिए आपको इसका महत्व समझना और अपने आस-पास के अन्य लोगों को रक्तदान करने के लिए प्रेरित करना चाहिए।
पानीपत शहर में श्री कैलाशी सेवा समिति फाउंडेशन की तरह और भी कई एनजीओ इस समय-समय पर इस तरह के रक्तदान शिविर का आयोजन करती रहती हैं। अंत में डॉ. गुप्ता ने बताया कि शिविर के दौरान प्रसिद्ध भजन गायक राजकुमार भारद्वाज जो टी सीरीज कंपनी व संस्कार टीवी पर भजन गाते हैं, उन्होंने अपने भजनों से राकेश मित्तल को श्रद्धांजलि अर्पित की। वहीं शिविर में रक्तदाताओं को रामचरितमानस के साथ-साथ तुलसी के पौधे भी भेंट किए गए।
रैड क्रॉस से सोसायटी की ओर से आई डॉ. पूजा सिंघल ने कहा कि इस प्रकार के शिविरों में युवाओं की भागीदारी बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि वो जितनी बार भी आर्य कॉलेज में रक्तदान शिविर में आती हैं तो हर बार पहले से ज्यादा युवा रक्तदान करते हैं। जो हमारे समाज के लिए एक सकारात्मक सोच का निर्माण करता है।
डॉ. विजय सिंह, डॉ. मनीषा डुडेजा व डॉ. पंकज चौधरी ने रैड क्रॉस से आई डॉ. पूजा सिंघल व उनकी टीम का कॉलेज प्रांगण में पहुंचने पर पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
कॉलेज की एन.एस.एस. इकाई की प्रभारी डॉ. मनीषा डुडेजा ने जानकारी देते हुए बताया कि रक्तदान शिविर में स्वयंसेवकों के साथ-साथ कॉलेज के विद्यार्थियों ने भी बढ-चढ कर भाग लिया और 61 यूनिट रक्तदान एकत्रित किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान मानवता की सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण है और एनएसएस इकाई सदैव समाजोपयोगी कार्यों के लिए तत्पर रहती है।
इस अवसर पर युवा अग्रवाल क्लब पानीपत से अखिलेश मित्तल, श्री कैलाशी सेवा समिति फॉण्डेशन से अशोक पंच कैलाशी, महाविद्यालय के हेड क्लर्क विनीत गर्ग, आशीष गुप्ता, प्रो. सोनू ढुल, राजा तोमर के साथ-साथ कॉलेज के शिक्षकगण व गैर शिक्षकगण वर्ग के सदस्य मौजूद रहे।

Comments