मतदाता सूची को शत-प्रतिशत त्रुटिरहित बनाने का अभियान, हर पात्र मतदाता का नाम सुनिश्चित होगा: उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला
BOL PANIPAT , 3 अगस्त। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने जिला सचिवालय सभागार में मीडिया प्रतिनिधियों से बातचीत करते हुए बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) अभियान के अंतर्गत जिला पानीपत के चारों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक 9 लाख 66 हजार 687 मतदाताओं में से 7 लाख 85 हजार 16 मतदाताओं (81.21 प्रतिशत) के गणना प्रपत्र प्राप्त कर लिए गए हैं, जबकि 1 लाख 81 हजार 671 (18.79 प्रतिशत) प्रपत्र विभिन्न कारणों से एकत्र नहीं हो सके हैं। इन सभी मामलों का नियमानुसार सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति के अनुसार पानीपत ग्रामीण में 76.82 प्रतिशत, पानीपत शहर में 72.89 प्रतिशत, इसराना में 91.31 प्रतिशत तथा समालखा में 88.05 प्रतिशत मतदाताओं के गणना प्रपत्र प्राप्त हो चुके हैं। किसी तरह की कोई भी शिकायत नहीं है। उपायुक्त ने बताया कि जिन प्रपत्रों का संग्रह नहीं हो पाया है, उनमें 29,276 मतदाता मृत, 75,763 मतदाता अनुपस्थित अथवा पता नहीं चले, 61,027 मतदाता स्थायी रूप से अन्य स्थान पर स्थानांतरित, 11,198 मतदाता पहले से अन्य स्थान पर पंजीकृत तथा 4,407 अन्य श्रेणी के मामले शामिल हैं। इन सभी मामलों का निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप गहन सत्यापन कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि प्राप्त गणना प्रपत्रों के विश्लेषण के दौरान 86,261 मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी, जबकि 1 लाख 43 हजार 711 मतदाताओं के विवरण में विभिन्न प्रकार की विसंगतियां सामने आई हैं। ऐसे कुल 2 लाख 29 हजार 972 (29.30 प्रतिशत) मामलों में संबंधित ईआरओ एवं एईआरओ द्वारा नोटिस जारी किए जाएंगे, ताकि सभी दावों एवं आपत्तियों का समयबद्ध निस्तारण कर मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं अद्यतन बनाया जा सके।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा, मतदाता सूची लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण आधारशिला है। हमारा लक्ष्य केवल निर्धारित समय में कार्य पूरा करना नहीं, बल्कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सही विवरण के साथ मतदाता सूची में सुनिश्चित करना है। जिन मामलों में गणना प्रपत्र प्राप्त नहीं हुए हैं या किसी प्रकार की विसंगति सामने आई है, उनका घर-घर जाकर निष्पक्ष और पारदर्शी सत्यापन कराया जाएगा।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने बताया कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटने नहीं दिया जाएगा और अपात्र नामों को नियमानुसार हटाने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी। सभी निर्वाचन अधिकारी, बीएलओ और संबंधित कर्मचारी पूरी जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं ताकि पानीपत की मतदाता सूची शत-प्रतिशत त्रुटिरहित, पारदर्शी और विश्वसनीय बन सके। इस मौके पर एसडीएम मनदीप कुमार समालखा एसडीएम अमित कुमार, इसराना एसडीएम नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, निर्वाचन तहसीलदार सुरेंद्र आदि मौजूद रहे।

Comments