Sunday, April 26, 2026
Newspaper and Magzine


हथियार के बल पर कार व नकदी लूट की वारदात का पर्दाफ़ाश.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at July 30, 2023 Tags: , , , , ,

मुख्य आरोपी वारदात के महज 24 घंटे के दौरान ही यूपी के शामली से गिरफ्तार, लूटी गई कार व मोबाइल फोन बरामद .

आरोपियों को पनाह देने वाला आरोपी भी गिरफ्तार 

BOL PANIPAT: 30 जुलाई 2023, पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए वन टीम ने खोजकीपुर यमुना पुल पर यूपी निवासी युवक से हथियार के बल पर कार व नकदी लूट की वारदात को सफलता पूर्वक सुलझाते हुए एक आरोपी को यूपी के शामली से गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की। पुलिस टीम ने वारदात के महज 24 घंटे के दौरान ही आरोपी आर्यन निवासी नांगल बड़ौत यूपी को लूटी गई कार सहित गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर वारदात के बाद पनाह देने वाले आरोपी रोहित निवासी फुगान मुजफ्फरनगर यूपी को भी उसके गांव से गिरफ्तार किया।

सीआईए वन प्रभारी इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि थाना बापौली में तयब अली पुत्र मोमिन निवासी बड़ौत यूपी ने शिकायत देकर बताया था कि 28 जुलाई को शाम करीब 4:45 बजे वह कार में अपनी मां, चाची व बहनों को साथ लेकर यूपी से समालखा आ रहा था। रास्ते में गांव खोजकीपुर यमुना नदी के नए पुल पर पहुंचने पर उसने यमुना नदी देखने कर लिए गाड़ी रोक ली। सभी गाड़ी से उतरकर आगे जाकर नदी को देखने लगे। वह वापिस गाड़ी के पास आया तभी दो अज्ञात युवक आए और उसके सिर पर पिस्तौल सटाकर गाड़ी की चाबी, पर्स, दो मोबाइल फोन व गाड़ी छीनकर यूपी की तरफ फरार हो गए। पर्स में 40 हजार रूपए कैश था। शिकायत पर थाना में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।

इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के संज्ञान में उक्त मामला आते ही उन्होंने आरोपियों की धरपकड़ के लिए सीआईए वन टीम को विशेष रुप से जिम्मेदारी सौंपी थी। सीआईए वन टीम अपने सभी सोर्स एक्टिव कर आरोपियों की धरपकड़ के लिए प्रयासरत थी। शनिवार देर शाम टीम को गुप्त सूचना मिली की दोनों आरोपी लूटी गई कार को यूपी के शामली में कार मैकेनिक की दुकान पर ठीक करवा रहे है। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिस देकर आरोपी आर्यन निवासी नांगल बड़ौत यूपी को काबू करने में कामयाबी हासिल की। उसका साथी आरोपी संदीप निवासी खेकड़ा यूपी भागने में कामयाब हो गया।

इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पुलिस पूछताछ में आरोपी आर्यन ने बताया कि उसने अपने साथी आरोपी संदीप निवासी खेकड़ा के साथ मिलकर कुछ दिन पहले लूट व डकैती की योजना बनाई थी। वारदात को अंजाम देने के लिए आरोपी आर्यन अपनी बुआ के लड़के सहारनपुर निवासी अभय से दो देसी पिस्तौल व जिंदा रौंद लेकर आया। 28 जुलाई को आरोपी आर्यन व संदीप ने यमुना नदी पुल के नजदीक खेत में बैठकर शराब पीते हुए कार लूट की योजना बनाई। कुछ देर बाद पुल पर एक कार आकर रूकी तो दोनों आरोपी पिस्तौल के बल पर कार चालक से नकदी, मोबाइल फोन व कार लूट कर यूपी की तरफ फरार हो गए थे।

कार लूट कर दोनों आरोपी मुजफ्फरनगर जिला के गांव फुगान निवासी साथी रोहित के पास पहुंचे और उसको वारदात बारे बताते हुए दोनों मोबाइल फोन दिखाए। लूटा गया एक आईफोन आरोपियो से लेकर रोहित ने अपने पास रख लिया। आरोपी आर्यन व संदीप ने लूटी गई 40 हजार रूपए की नकदी को दो बराबर हिस्सों में बाट लिया। शनिवार को गाड़ी खराब हो गई तो दोनों आरोपी शामली में मैकेनिक के पास ठीक करवाने के लिए लेकर गए थे।

इंस्पेक्टर दीपक ने बताया कि पुलिस टीम ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को रविवार को माननीय न्यायायल में पेश किया जहा से आरोपी रोहित को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया व लूटी गई नकदी, वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करने व आरोपी संदीप व अभय के ठिकानों का पता लगा काबू करने के लिए आरोपी आर्यन को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

Comments