मुख्यमंत्री नायब सिंह दिखाएंगे लो फ्लोर ई-बसों को हरी झंडी, प्रशासन ने कसी कमर
28 मई को होगा बड़ा आयोजन, अधिकारियों को सौंपी गई अहम जिम्मेदारियां
ई-बस सेवा से बदलेगी सफर की तस्वीर, आमजन को मिलेगा सुरक्षित और आरामदायक परिवहन
पुराना बस स्टैंड बना कार्यक्रम का केंद्र, स्वास्थ्य से लेकर सुरक्षा तक पुख्ता इंतजाम
BOL PANIPAT : 27 मई। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा 28 मई को 80 लो फ्लोर ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने वाले कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम को सफल और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने बुधवार को जिला सचिवालय सभागार स्थित अपने कार्यालय में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। उन्होंने आर्य पीजी कॉलेज कार्यक्रम स्थल और एन एफ एल हेली पैड का भी जायजा लिया।
बैठक में शहरी विधायक प्रमोद विज और जिला अध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने भी कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी ली और सुझाव दिए। अतिरिक्त उपायुक्त ने इस कार्यक्रम से संबंधित जानकारी विधायक और जिला अध्यक्ष के साथ साझा की। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि कार्यक्रम स्थल पुराना बस स्टैंड पर साफ-सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं का कार्य लगभग पूरा कर लिया गया है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।
उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य सेवाएं पूरी तरह सक्रिय रहें। आपात स्थिति से निपटने के लिए एम्बुलेंस की व्यवस्था अलग-अलग स्थानों पर की जाएगी ताकि जरूरत पडऩे पर तुरंत सहायता उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही दमकल विभाग को भी कार्यक्रम स्थल पर फायर ब्रिगेड की गाडिय़ां तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनी रहे।
अतिरिक्त उपायुक्त अंकित चौकसे ने बिजली विभाग को कार्यक्रम स्थल पर निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को छोटा मंच तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जहां से मुख्यमंत्री नायब सिंह बसों को हरी झण्डी दिखाएंगे। प्रशासन की ओर से कार्यक्रम को लेकर सुरक्षा, यातायात और जनसुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आर्य कॉलेज सभागार में भी उपस्थित जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस दौरान जिले के जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। लो फ्लोर ई-बसों के संचालन को प्रदेश में आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इन बसों के शुरू होने से आम नागरिकों को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक सफर का अनुभव मिलेगा। विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग यात्रियों को लो फ्लोर बसों से काफी राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही ई-बसों के संचालन से प्रदूषण में कमी आएगी और शहर में स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को बढ़ावा मिलेगा। बैठक में परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग, पीडब्ल्यूडी, दमकल विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिला प्रशासन ने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने के लिए व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

Comments