वोटर हैल्पलाइन व गरुड़ एप का लाभ नागरिक उठाएं: उपायुक्त
-वोट निर्माण व उससे जुड़ी अन्य सेवाओं में सहायक सिद्ध हो रहे दोनों एप
BOL PANIPAT , 8 फरवरी। स्वस्थ व सुदृढ़ लोकतंत्र में जागरूक मतदाता व सक्रिय बूथ लेवल अधिकारी ही इसके मजबूत आधार स्तम्भ होते हैं। इन दोनों के बिना लोकतंत्र की परिकल्पना भी बेमानी है। इसलिए यह जरूरी है कि इन दोनों की सहभागिता से वोट बनने से पूर्व की प्रक्रिया का सरलीकरण किया जाए। चुनाव आयोग ने उपरोक्त उद्देश्य को ध्यान में रख मतदाताओं के लिए वोटर हेल्पलाइन व बी.एल.ओ. के लिए गरुड़ एप का निर्माण किया है। यह दोनों एप वोट निर्माण व उससे जुड़ी अन्य सेवाओं में सहायक सिद्ध हो रहे हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला उपायुक्त सुशील सारवान उपरोक्त दोनों एप के बारे में जानकारी देते हुए बताया जनभागिता से होने वाले किसी भी कार्य की प्रक्रिया को यदि सरल बना दिया जाए तो उसमें सम्मिलित सभी लोगों का उत्साह दोगुना हो जाता है। चुनाव आयोग ने इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए आमजन के लिए वोटर हैल्पलाइन व बूथ लैवल अधिकारी के लिए गरुड़ एप का निर्माण किया है।
उन्होंने कहा कि वोटर हेल्पलाइन के माध्यम से कोई भी नागरिक निर्वाचन से संबंधित विभिन्न जानकारियां, मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने अथवा संशोधन कराने के लिए फार्म -6, 7, 8 एवं 8 ए आदि के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। इसके अतिरिक्त अपने मतदान केंद्र की लोकेशन की जानकारी, चुनाव लडऩे वाले उम्मीदवारों का विवरण , मतगणना परिणाम से जुड़ी जानकारी इस एप के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं । साथ ही निर्वाचन संबंधी कोई भी शिकायत ऑनलाइन माध्यम से कर सकते हैं । इसके अतिरिक्त वोटर हैल्पलाइन एप सभी नागरिकों की शंकाओं व जिज्ञासाओं के समाधान में भी सहायक सिद्ध हो रहा है ।

Comments