Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


शिकायतकर्ता निराश होकर न लौटें, समस्याओं का समाधान हमारी बड़ी प्राथमिकता: सीईओ डॉ. किरण

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at November 20, 2025 Tags: , , , , ,

-शिविर जनता और प्रशासन को जोड़ता: डॉ. संजय

-पुलिस अधिकारी अपनी जिम्मेदारियां का ईमानदारी से करें निर्वहन: डीएसपी सतीश वत्स

-जनता समाधान शिविर में 61 शिकायतें दर्ज, प्रशासन हर मुद्दे पर सक्रिय

BOL PANIPAT , 20 नवंबर। हरियाणा सरकार के महत्वपूर्ण कार्यक्रम जनता समाधान शिविर का उद्देश्य लोगों को राहत पहुंचना है। मुख्यमंत्री नायब सिंह की यह पहल लोगों को पसंद आ रही है इसीलिए शिकायतकर्ता जिला मुख्यालय व उपमंडलों में अपनी शिकायतों को अधिकारियों के सामने रख रहे हैं।

  गुरुवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद सीईओ डॉ. किरण ने जन समस्याओं की सुनवाई करते हुए कहा कि जनता समाधान शिविर का उद्देश्य यही है कि कोई भी व्यक्ति अपनी समस्या के समाधान के बिना वापस न जाए। हर शिकायत हमारे लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे पारदर्शिता और तत्परता से हर शिकायत का समाधान करें।

निगम संयुक्त आयुक्त डॉ. संजय ने कहा कि यह शिविर प्रशासन और जनता के बीच संवाद को मजबूत करता है। कई लंबित समस्याएं यहीं पर तुरंत निपट जाती हैं। निगम की टीम पूरी सक्रियता से काम कर रही है और आगे भी इस प्रक्रिया को और प्रभावी बनाया जाएगा।

  डीएसपी सतीश वत्स ने कहा कि पुलिस की प्राथमिकता जनता की सुरक्षा और कानून – व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखना है। शिविर में मिली शिकायतों पर अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। अवैध गतिविधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे और पुलिस अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाती रहेगी।

    गुरुवार को जनता समाधान शिविर में  कुल 61 शिकायतें दर्ज की गईं। शिविर में आए लोगों ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याओं को प्रशासन के समक्ष रखा। सीईओ डॉ. किरण सिंह ने सभी शिकायती प्रपत्रों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

  शिविर के दौरान गांव नन्हेड़ा के कुछ ग्रामीणों ने सरकार द्वारा अवैध खनन पर लगाई गई रोक के उल्लंघन की शिकायत दर्ज कराते हुए तुरंत कार्रवाई की मांग की। वहीं मुल्तान सिंह वासी कुराना ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की दूसरी किस्त जारी कराने का अनुरोध किया।

यशपाल प्रार्थी ने ऐसी महिलाओं पर कार्रवाई की मांग की, जिन्होंने कथित रूप से धोखाधड़ी कर लाडो लक्ष्मी योजना के लिए आवेदन किया है। इनमें कई महिलाएं दूसरे राज्यों की बताई जा रही हैं। रमेश वासी भोडवाल माजरी ने ऑनलाइन गली की निशानदेही करवाने की मांग रखी। सुल्तानपुर के रामपाल ने अपने खेत में सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराने संबंधी समस्या प्रशासन के सामने रखी। इस मौके पर विभिन्न विभागों के अधिकारी व शिकायत दर्ज करवाने वाले उपस्थित रहे।

Comments