रसोई गैस बुकिंग में अनावश्यक जल्दबाजी न करें उपभोक्ता:- उपायुक्त
अधिक दाम वसूली अथवा जमाखोरी की प्रशासन को दे सूचना
गैस बुकिंग के लिए आधिकारिक ऐप, वेबसाइट अथवा टोल फ्री नंबर का करें उपयोग
गैस की कमी की भ्रामक सूचना से रहे सतर्क
BOL PANIPAT : 23 मार्च– उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा है कि जिला में एलपीजी गैस का स्टॉक पर्याप्त है। उन्होंने उपभोक्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि गैस बुकिंग में अनावश्यक जल्दबाजी से बचें और सामान्य रूप से अपनी बुकिंग कराएं। अगर कोई अधिक दाम वसूले या जमाखोरी करे, तो इसकी शिकायत अवश्य करें। केवल गैस कंपनी की आधिकारिक ऐप, वेबसाइट या टोल-फ्री नंबर का उपयोग करके बुकिंग करें। उन्होंने कहा कि जिला में गैस सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि एलपीजी गैस उपभोक्ताओं को अफवाह और भ्रामक सूचनाओं से बचना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन आपूर्ति व्यवस्था पर पैनी नजर रखे हुए है और जो भी असामाजिक तत्व चोरी-छिपे गैस की कालाबाजारी करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
डीसी ने बताया कि वर्तमान में किसी भी गैस एजेंसी पर भीड़ की स्थिति नहीं है क्योंकि होम डिलीवरी की व्यवस्था सुचारू रूप से चालू है। विशेष रूप से सोमवार को गैस एजेंसियों का नियमित अवकाश होने के बावजूद जनता की सुविधा के लिए होम डिलीवरी सेवा जारी की गई है।

Comments