Monday, July 27, 2026
Newspaper and Magzine


शुगर मिल ने अपने सतत विकास और किसानों के विश्वास से नई ऊंचाइयों को छुआ: उपायुक्त एवं चेयरमैन शुगर मिल डॉक्टर वीरेन्द्र कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 28, 2025 Tags: , , , ,

-किसानों के हित में हर संभव कदम उठाया जाएगा

-पानीपत सहकारी चीनी मिल की वार्षिक आम सभा सम्पन्न

-गन्ना किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत नहीं आने दी जाएगी, सभी समस्याओं का होगा समाधान

-2025-2026 के लिए 66 लाख क्विंटल रखा पिराई का लक्ष्य

BOL PANIPAT , 28 अक्टूबर। उपायुक्त एवं शुगर मिल चेयरमैन डॉ. वीरेन्द्र कुमार दहिया ने कहा कि गन्ना किसान हमारे अन्नदाता हैं। उनके हितों की रक्षा करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं आने दी जाएगी। यदि किसी को कोई समस्या हो तो वह सीधे मुझसे संपर्क कर सकता है। उन्होंने कहा कि मैं स्वयं किसान का बेटा हूं, इसलिए किसानों की पीड़ा और उनकी मेहनत को भलीभांति समझता हूं। उपायुक्त का शुगर मिल पहुंचने पर शुगर मिल के एमडी संदीप कुमार व अस्सिटेंट रजिस्ट्रार संदीप ने बुके देकर अभिनंदन किया। उपायुक्त ने कहा कि पिराई के सत्र में वे स्वयं आएंगे व मिल का निरीक्षण भी करेंगे।

  डॉ. दहिया मंगलवार को पानीपत सहकारी चीनी मिल लिमिटेड की वार्षिक आम सभा को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने मिल की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए कहा कि पानीपत शुगर मिल ने अपने सतत विकास और किसानों के विश्वास से नई ऊंचाइयों को छुआ है। डॉ. दहिया ने बताया कि मिल की स्थापना वर्ष 1957 में हुई थी, और अब इसकी पिराई क्षमता बढक़र 5000 टी.सी.डी. हो चुकी है। वित्तीय वर्ष 2024-25 में मिल ने 62.12 लाख क्विंटल गन्ने की पिराई की, जिससे 5.65 लाख क्विंटल चीनी, 3.24 लाख क्विंटल शीरा और 670.03 लाख यूनिट बिजली का उत्पादन किया गया। इस वर्ष 9.04त्न रिकवरी रही, जो राज्य में एक सराहनीय प्रदर्शन है।

          उपायुक्त ने कहा कि गन्ना किसानों को राज्य सरकार द्वारा निर्धारित दरों रु. 400/- (अगेती) और रु. 393/- (पछेती) प्रति क्विंटल के अनुसार भुगतान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में गन्ने के रेट बढऩे की संभावना है, जिससे किसानों की आमदनी में और बढ़ोतरी होगी। उपायुक्त ने बताया कि मिल द्वारा किसानों का विशेष ख्याल रखा जा रहा है। किसानों को कीटनाशक दवाओं पर 10 प्रतिशत अनुदान, गन्ने के ऑनलाईन टोकन सिस्टम, किसान सेवा केंद्र की स्थापना, रियायती भोजन 10 रुपए प्रति थाली की सुविधा अटल कैंटीन के माध्यम से तथा अच्छी किस्मों के गन्ने के लिए प्रोत्साहन राशि जैसी योजनाएं चलाई जा रही हैं।

    डॉ. दहिया ने बताया कि मिल के नए परिसर में 90 केएलपीडी क्षमता का एथनॉल प्लांट स्थापित किया जाना प्रस्तावित है। इस परियोजना की घोषणा केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह द्वारा की गई थी। यह न केवल क्षेत्र के किसानों के लिए लाभकारी होगी, बल्कि आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को सशक्त बनाएगी। कार्यक्रम के दौरान किसानों द्वारा प्रस्तुत मांग पत्र को गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने कहा कि हर बिंदु पर त्वरित व पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी। किसानों की जायज़ मांगों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होगा।

  इस अवसर पर शुगर मिल के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मिल प्रशासन किसानों के सहयोग से ही प्रगति की राह पर अग्रसर है। उन्होंने उपायुक्त डॉ. दहिया का विशेष रूप से धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और नेतृत्व में मिल नई ऊंचाइयां हासिल कर रही है।

    मिल प्रबंधन की ओर से उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया को स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में किसानों ने पारंपरिक पगड़ी बांधकर उपायुक्त का अभिनंदन किया। इस मौके पर असिस्टेंट रजिस्ट्रार संदीप, एमडी संदीप कुमार, मिल के सदस्य और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।

Comments