घर में घुसकर मारपीट करने मामले में आरोपी दंपति गिरफ्तार.
BOL PANIPAT , 20 जुलाई : समालखा चौकी पुलिस ने गांव माहवटी में घर में घुसकर लाठी, डंडों से हमला कर चोट मारने मामले में आरोपी दंपति गांव पलड़ी निवासी महेंद्र व उसकी पत्नी सुमन को रविवार को गिरफ्तार किया।
समालखा चौकी इंचार्ज सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि समालखा चौकी में गांव माहवटी निवासी राजेश पुत्र होशियार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 जून की रात करीब 11 बजे गांव पलड़ी निवासी महेन्द्र अपने बेटे मोहित, पत्नी सुमन व एक अन्य युवक के साथ लाठी, डंडों व रॉड से लैस होकर उनके घर में घुस आए और उसके व परिवार के अन्य सदस्यों पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उसके पैर पर चोट मारकर हड्डी तोड़ दी, उंगलियों पर दांत से काटा तथा लाठी-डंडों और मुक्कों से मारपीट की। उसकी मां कृष्णा, भाई सुरेन्द्र तथा भाभी के साथ भी मारपीट की। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। थाना समालखा में राजेश की शिकायत पर बीएनएस की धारा 115(2), 333, 351(3), 3(5) के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।
इंचार्ज सब इंस्पेक्टर वीरेंद्र ने बताया कि पुलिस ने रविवार को आरोपी दंपति को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त कार बरामद कर पूछताछ के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।

Comments