डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र कुमार दहिया ने की पत्रकार वार्ता।
-लोकतंत्र के महापर्व में सभी की आहुति अपेक्षित-डीसी
-पानीपत जिला की चारों विधानसभाओं के 8 लाख 97 हजार 782 मतदाता करेंगे अपने मताधिकार का प्रयोग।
-डीसी ने किया आश्वस्त पारदर्शिता के साथ और भय रहित होगा चुनाव।
-जिला मुख्यालय पर किया जाएगा कंट्रोल रूम स्थापित, कंट्रोल रूम में टोल फ्री नंबर 1950 रहेगा एक्टिव।
BOL PANIPAT : 19 मार्च। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र कुमार दहिया ने मंगलवार को जिला सचिवालय में पत्रकार वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए बताया कि लोकसभा आम चुनाव 2024 के दौरान 25 मई को होने वाले चुनाव में पानीपत की चारों विधानसभाओं के 8 लाख 97 हजार 782 मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे। इन मतदाताओं की सुविधा के लिए चारों विधानसभाओं में 876 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। उन्होंने चुनाव की प्रक्रिया के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि चुनाव की घोषणा की तिथि से ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।चुनावी प्रक्रिया के तहत 6 मई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेगे। नामांकन पत्रों की जांच पड़ताल 7 मई को की जाएगी तथा उम्मीदवारों के लिए नामांकन पत्र वापिस लेने की अंतिम तिथि 9 मई रहेगी। उन्होंने बताया कि 25 मई को मतदान होगा तथा 4 जून 2024 को मतगणना होगी। आगामी 6 जून 2024 चुनावी प्रक्रिया पूर्ण होने की तिथि है और इसी दिन तक आचार संहिता रहेगी।
उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वह बिना भय व बिना लालच के अपने मताधिकार का प्रयोग करें। प्रशासन द्वारा फ्री व फेयर चुनाव करवाने के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए है। कहीं पर भी आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायत मिली तो तुरंत कार्यवाही अमल में लाई जाएगी। इसके लिए फ्लाईंग स्क्वायड व सर्विलेंस टीम भी एक्टिव रहेगी। उन्होंने बताया कि प्रत्याशियों के चुनावी खर्चें पर भी कड़ी नजर रहेगी, इतना ही नहीं बैंकों से होने वाले संदिग्ध लेन-देन पर भी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय पर एक कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। इस कंट्रोल रूम में टोल फ्री नंबर 1950 एक्टिव रहेगा। साथ ही सी-विजिल एप पर आने वाली शिकायतों का भी 100 मिनट की तय समय सीमा के भीतर निपटारा किया जाएगा।
उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी वीरेंद्र कुमार दहिया ने मीडिया के प्रश्न के उत्तर में बताया कि लोकसभा के आम चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह से तैयार है और सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए गए है। 85 वर्ष से ऊपर के वृद्ध और दिव्यांगों को मतदान के लिए बूथ तक लाने व ले जाने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसको लेकर जिला कल्याण अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर रैंप, शौचालय, पीने के पानी की व्यवस्था करवाई जा रही है। इस मौके पर एसपी अजीत सिंह शेखावत, पानीपत एसडीएम मनदीप कुमार, समालखा एसडीएम अमित कुमार, इसराना एसडीएम ज्योति भी उपस्थित रही।

Comments