डीसी ने खेतों में पहुंचकर की विशेष गिरदावरी की पड़ताल
BOL PANIPAT , 3 मार्च। डीसी सुशील सारवान ने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ पानीपत, इसराना व मडलौडा तहसील क्षेत्र के गांव के खेतों में पहुंचकर गिरदावरी की जांच पड़ताल की। डीसी ने गिरदावरी की जांच पड़ताल के दौरान राजस्व विभाग द्वारा की गई गिरदावरी के रिकार्ड का भी मिलान किया।
इस दौरान डीसी ने पानीपत तहसील क्षेत्र के काबड़ी, आसन कलां और मडलौडा तहसील के बाल जाटान, खण्डरा, थिराना मडलौडा सहित विभिन्न गांवों के खेतों में जाकर गिरदावरी की पड़ताल की। इसी कड़ी में इसराना तहसील के अहर, खलीला, परढ़ाना सहित नोल्था व बलाना गांवों के खेतों में जाकर गिरदावरी की जांच पड़ताल की। इस दौरान उन्होंने काबड़ी तथा खलीला गांव में किसानों से बात की और उनकी समस्याओं को सुना। इस उपरान्त उन्होंने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार निपटान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। डीसी ने राजस्व विभाग के अधिकारियों तथा कर्मचारियों द्वारा तैयार किए गए गिरदावरी रिकार्ड का खेतों में खड़ी फसल के साथ मिलान किया और नक्शे को भी बारीकी से जांचा।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि गिरदावरी बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य है, इसलिए यह कार्य बिल्कुल सही व पूरी पारदर्शिता के साथ होना चाहिए। उन्होंने कहा राजस्व विभाग द्वारा प्रत्येक फसल चक्र रबी व खरीफ की फसल की गिरदावरी की जाती है। इसके लिए ई-गिरदावरी प्रणाली अपनाई जाती है। इस दौरान डीआरओ राजकुमार भोरिया, तहसीलदार पानीपत बलवान सिंह, नायब तहसीलदार मडलौडा अनिल कुमार, नायब तहसीलदार इसराना सौरभ शर्मा सहित सदर कानूनगो सुरेन्द्र घणघस मौजूद रहे।

Comments