ताऊ देवी लाल पार्क के चौकीदार और माली पर जानलेवा हमला किया,चौकीदार की मौत
BOL PANIPAT : आठ से 9 हथियारबंद बदमाशों ने ताऊ देवी लाल पार्क में देर रात चौकीदार और माली पर जानलेवा हमला किया. इसमें माली गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि चौकीदार की मौत हो गई .पुलिस ने चौकीदार के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है. माली का इलाज सामान्य अस्पताल में जारी है.
घायल माली रमेश ने जानकारी देते हुए बताया कि वो और उसका साथी चौकीदार राजवीर पिछले कई सालों से देवीलाल पार्क में ही काम करते हैं. देर रात दोनों पार्क के बने कमरे में ही थे. रात 12 बजे आठ से 9 हथियारबंद बदमाश वहां पहुंचे और कमरे के दरवाजे को तोड़ना शुरू कर दिया. दरवाजा तोड़कर बदमाश अंदर घुस गए और सिर्फ इतना पूछा कि वो होमगार्ड के जवान है या नहीं. बस फिर क्या था बदमाशों ने उन पर लाठी-डंडों और सरियों से हमला किया.
बमदाशों ने बाहर खड़ी उनकी मोटरसाइकिल और स्कूटी भी तोड़ दी. लगभग 15 मिनट की मारपीट के बाद बदमाश रेलवे लाइन के रास्ते भाग निकले. किसी तरह रमेश ने मोबाइल से राज वीर के घर कॉल की. जिसके बाद परिजनों ने वहां पहुंचकर पुलिस को सूचना दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों को सामान्य अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद चौकीदार राजवीर को मृत घोषित कर दिया. वहीं गंभीर रूप से घायल रमेश का इलाज पानीपत के सामान्य अस्पताल में ही चल रहा है.

Comments