सिवाह व समालखा बस स्टैंड में शीतल जल प्याऊ का उपायुक्त ने किया उद्घाटन
जल के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती: उपायुक्त
दूर-दराज से आने वालों को मिलेगा शीतल जल प्याऊ का लाभ
BOL PANIPAT , 7 अगस्त। उपायुक्त वीरेंद्र कुमार दहिया ने सोमवार को सति भाई सांई दास सेवा दल की तरफ से सिवाह व समालखा के बस स्टैंड में बनाए गए शीतल जल प्याऊ का उद्घाटन करते हुए कहा कि प्यासे को पानी पिलाना बड़े पुण्य का काम है। जल ही जीवन है। जल नहीं तो कल नहीं। जल के बिना जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती है। गर्मी के मौसम में सति भाई सांई दास सेवा दल द्वारा शीतल पेयजल की व्यवस्था करना सराहनीय व अनुकरणीय पहल है। इस प्रकार के कार्यों से लोगों को प्रेरणा मिलती है। इस मौके पर उपायुक्त ने शीतल जल प्याऊ से पानी भी पीया।
उपायुक्त ने कहा कि पेयजल का बस स्टैंड में दूर-दराज से आने वालों को काफी लाभ होगा। सति भाई सांई दास सेवा दल के सेवा द्वारा की गई पेयजल व्यवस्था से यहां आने जाने वाले यात्रियों की प्यास बुझेगी। उपायुक्त ने कहा कि जीवन के लिए परम आवश्यक पेयजल का संकट सर्वत्र है जिसके लिए हम सभी मुख्य जिम्मेदार हैं। हम अपने आर्थिक लाभ के लिए पर्यावरण एवं जल स्त्रोतों को नष्ट कर रहे हैं, जिससे भूमिगत जल लगातार तेजी से घट रहा है। उपायुक्त ने कहा कि जल के बिना हमारा पूरा जीवन ही अंधकारमय हो जाएगा। इस मौके पर जीएम कुलदीप जांगड़ा,रोशनलाल मित्तल,पवन मित्तल, सुरेंद्र मित्तल आदि मौजूद रहे।

Comments