जिले में विकास कार्यों को मिलेगी नई रफ्तार, तय समयसीमा में पूरा होंगी योजनाएं:शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा
मंत्री ने अधिकारियों को दिए जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
उपमंडल अधिकारियों से योजनाओं की प्रगति का लिया अपडेट
काम में तेजी लाने पर जोर,जिला सचिवालय में समीक्षा बैठक
विकास कार्यों की नियमित निगरानी के निर्देश
जिला सचिवालय में शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने की समीक्षा बैठक
BOL PANIPAT , 16 सितंबर। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बुधवार को जिला सचिवालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में जिले के सभी उपमंडल अधिकारियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले में चल रहे विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर गति दी जाए तथा लोगों की समस्याओं का निर्धारित समय में समाधान सुनिश्चित किया जाए।
शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। अधिकारियों को चाहिए कि वे केवल योजनाएं बनाने तक सीमित न रहें, बल्कि उनके धरातल पर प्रभावी क्रियान्वयन की लगातार निगरानी करें। उन्होंने कहा कि जनता से जुड़ी समस्याओं के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करें और जहां भी कार्यों में कोई बाधा आ रही है, उसे आपसी समन्वय से दूर किया जाए।
उन्होंने उपमंडल अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति का अपडेट लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों की गुणवत्ता के साथ-साथ निर्धारित समयसीमा का भी विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने कहा कि प्रशासन और विभागीय अधिकारियों के बीच बेहतर तालमेल से विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से पूरा किया जा सकता है।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शिक्षा मंत्री को जिले में चल रही विभिन्न महत्वपूर्ण विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने आश्वस्त किया कि जिला प्रशासन द्वारा सरकार की प्राथमिकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में चल रही विकास योजनाओं को और गति प्रदान की जाएगी तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर उन्हें पूरा करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का विशेष फोकस जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर है। सभी विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक समय पर पहुंच सके।
बैठक में एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, नगराधीश टीनू पोसवाल, जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी राजेश शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments