Tuesday, October 13, 2026
Newspaper and Magzine


सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध जिला प्रशासन: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 13, 2026 Tags: , , , , , ,

सेवा सेतु शिविरों से आमजन की समस्याओं का समाधान करने  का मजबूत  माध्यम

छाजपुर खुर्द में 93 लोगों ने दर्ज कराईं विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतें

एक ही छत के नीचे मिल रहीं विभिन्न विभागों की सेवाएं, ग्रामीणों को मिल रही राहत

BOL PANIPAT , 13 अक्टूबर। केंद्र सरकार के महत्वपूर्ण सेवा संकल्प अभियान के तहत आमजन की समस्याओं के समाधान और पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से जिले में  सेतु शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से प्रशासन गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुन रहा है और उन्हें विभिन्न विभागों की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवा रहा है।

इसी कड़ी में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ के दिशा-निर्देशानुसार मंगलवार को सनौली ब्लॉक के गांव छाजपुर खुर्द में आयोजित सेवा सेतु शिविर में 93 लोगों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी शिकायतें दर्ज कराईं। उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि सेवा सेतु शिविरों के माध्यम से आमजन की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है। प्रशासन का उद्देश्य सरकारी सेवाओं को लोगों के नजदीक पहुंचाना और प्रत्येक पात्र नागरिक को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाना है। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।

उपायुक्त ने कहा कि सेवा सेतु शिविर प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रभावी माध्यम हैं। विभिन्न विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहकर लोगों की समस्याएं सुनते हैं और संबंधित मामलों में आवश्यक कार्रवाई करते हैं। इससे ग्रामीणों को एक ही छत के नीचे विभिन्न विभागों की योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी मिलती है तथा सरकारी सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होती है।

      उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में प्राप्त प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लिया जाए और उसका नियमानुसार समाधान सुनिश्चित किया जाए। शिकायतों पर कार्रवाई करते समय संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए, ताकि नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। जिला प्रशासन का निरंतर प्रयास है कि जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान हो और सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

एक ही स्थान पर मिलीं विभिन्न विभागों की सेवाएं

शिविर में मुख्य रूप से समाज कल्याण एवं न्याय अधिकारिता विभाग, जिला समाज कल्याण विभाग, रेडक्रॉस, महिला एवं बाल विकास विभाग, अंत्योदय, स्वास्थ्य विभाग, क्रीड, बिजली विभाग, महिला विकास निगम, हरियाणा राज्य आजीविका मिशन, हरियाणा एग्रो इंडस्ट्री तथा उद्यान विभाग सहित विभिन्न विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को संबंधित विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं, सेवाओं और सुविधाओं की जानकारी दी गई। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याएं सुनकर संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आवश्यक कार्रवाई के लिए संज्ञान लिया।

Comments


Leave a Reply