Friday, July 3, 2026
Newspaper and Magzine


जिला प्रशासन के अधिकारियों को भारतीय मानकों की दी जानकारी, गुणवत्ता संस्कृति पर दिया जोर

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at July 3, 2026 Tags: , , , ,

बीआईएस के प्रशिक्षण कार्यक्रम में आईएसआई, हॉलमार्किंग व ऑनलाइन सेवाओं की मिली विस्तृत जानकारी

BOL PANIPAT , 3 जुलाई। भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के हरियाणा शाखा कार्यालय ने जिला प्रशासन के सहयोग से शुक्रवार को जिला सचिवालय में बीआईएस गतिविधियाँ, भारतीय मानक एवं ऑनलाइन सेवाएँ विषय पर जिला स्तरीय प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य विभिन्न सरकारी विभागों के अधिकारियों को भारतीय मानकों के महत्व से अवगत कराना तथा सरकारी कार्यों में गुणवत्ता, सुरक्षा और पारदर्शिता को बढ़ावा देना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने किया। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अंकित कुमार चौकसे सहित विभिन्न विभागों के करीब 30 जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन भारतीय मानक ब्यूरो की स्टैंडड्र्स प्रमोशन ऑफिसर आरती चौधरी ने किया। उन्होंने भारतीय मानक ब्यूरो की भूमिका, गुणवत्ता संस्कृति को बढ़ावा देने के प्रयासों तथा सरकारी खरीद, आधारभूत संरचना परियोजनाओं और जनसेवा में भारतीय मानकों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने आईएसआई मार्क, एचयूआईडी हॉलमार्किंग, कम्पल्सरी रजिस्ट्रेशन स्कीम (सीआरएस), बीआईएस केयर ऐप, क्वालिटी कंट्रोल ऑर्डर्स (क्यूसीओ) और ई-बीआईएस पोर्टल की उपयोगिता की भी जानकारी दी।

इसके बाद भारतीय मानक ब्यूरो के वैज्ञानिक-सी एवं उपनिदेशक सौरभ चंद्र ने भारतीय मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण आदेशों और बीआईएस की ऑनलाइन सेवाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी। उन्होंने सरकारी विभागों में भारतीय मानकों के प्रभावी क्रियान्वयन, सार्वजनिक परियोजनाओं में मानकों के उपयोग और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया। कार्यक्रम में भारतीय मानक ब्यूरो ने जिला प्रशासन एवं अन्य सरकारी विभागों के साथ मिलकर प्रशिक्षण, कार्यशालाओं और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों के माध्यम से गुणवत्ता के प्रति जागरूक भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

Comments


Leave a Reply