Monday, May 18, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य कॉलेज में हुआ जिलास्तरीय विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता का आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at October 9, 2025 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT  – गुरुवार 09 अक्टूबर 2025, हरियाणा स्टेट कांउसील फॉर साईंस एंड टैक्नॉलजी, पंचकूला के निर्देशानुसार गुरुवार को आर्य महाविद्यालय के गणित विभाग द्वारा जिलास्तरीय विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगता का आयोजन करवाया गया। प्रतियोगिता में जिले के 6 कॉलेजों से लगभग 40 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी रचनात्मकता और वैज्ञानिक दृष्टिकोण का प्रदर्शन किया।

इस अवसर पर महाविद्यालय के  प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विज्ञान केवल प्रयोगशाला तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा है। विद्यार्थियों में यदि वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित हो जाए, तो समाज से अंधविश्वास और रूढ़िवादिता स्वतः समाप्त हो जाएगी। डॉ. गुप्ता ने यह भी कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों में नवाचार की भावना जगाती हैं और उन्हें विज्ञान को जीवन से जोड़ने की प्रेरणा देती हैं।

कार्यक्रम के संयोजक व गणित विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ.शिवनारायण ने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में लेखन कौशल के साथ-साथ विचारों की स्पष्टता और तर्क प्रस्तुत करने की क्षमता का भी विकास होता है। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आज आर्य कॉलेज द्वारा आयोजित जिला स्तरीय विज्ञान निबंध लेखन प्रतियोगिता में पानीपत जिले के समालखा, मतलोडा, बापौली, इसराना व पानीपत ब्लॉक के 6 कॉलेजों के लगभग 40 विद्यार्थियों ने भाग लिया।

अतं में उन्होंने बताया कि जोनल लेवल के लिए आर्य पीजी कॉलेज, पानीपत, एसडी कॉलेज, पानीपत, देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय, पानीपत एवं आईबी कॉलेज, पानीपत की टीम के 10 विद्यार्थी शिवानी, स्नेहा, प्रियंका, प्राची, टीनु, मुस्कान मित्तल, यशिका, ईशा एवं भावना का चयन किया गया।

निर्णायक मंडल में डॉ. शिव नारायण, डॉ. बलकार सिंह व डॉ. अनिल वर्मा द्वारा प्रतिभागियों के निबंधों का मूल्यांकन प्रस्तुति, भाषा और मौलिकता के आधार पर किया गया।

इस अवसर पर डॉ. गीतांजली साहनी, डॉ. बलकार सिंह, डॉ. अनिल वर्मा, डॉ. संदीप गुप्ता, डॉ. उमेद सिंह, प्राध्यापिका शिखा गर्ग, प्रा. सुदेश, अमनदीप सिंह, नेहा भारद्वाज, साक्षी, इंदू, निधि मलिक, डीम्पल, मीनू व शुभम समेत अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।

Comments