मोबाइल पर अंजान व्यक्ति द्वारा भेजे गए लिंक को न खोले और न बताए ओटीपी
साइबर अपराध का शिकार होने पर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं;
रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को साइबर क्राइम व इसके बचाव के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया
BOL PANIPAT : 14 अक्तूबर 2023,हरियाणा पुलिस द्वारा साइबर अपराध (CYBER CRIME) की घटनाओं को रोकने व आमजन को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करने के लिए अक्तूबर माह को साइबर क्राइम जागरूकता माह के रूप में मनाया जा रहा है। पानीपत पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में जिला पुलिस की टीमें प्रतिदिन अलग अलग स्थान पर लोगों को साइबर क्राइम और इससे बचाव की जानकारी दे रही है। इसी क्रम में शनिवार को थाना साइबर क्राइम पुलिस टीम द्वारा रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को साइबर अपराध (CYBER CRIME) व इसके बचाव के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।
साइबर विशेषज्ञ पी/एसआई अजय ने एकत्रित लोगों को जानकारी देते हुए कहा कि वर्तमान समय में हर काम कंप्यूटर व इंटरनेट से हो रहा है। साइबर अपराधी ऑनलाइन लोगों के साथ स्मार्ट फोन से, मोबाइल ऐप व इंटरनेट बैंकिग व अन्य तरीकों से धोखाधड़ी और ठगी को अंजाम दे रहे हैं। ऐसे में आपको कंप्यूटर, मोबाइल या अन्य कोई डिवाइस का प्रयोग करते समय सचेत रहने की आवश्यकता है।
किसी भी सूरत में अपने बैंक खातों से संबंधित कोई भी जानकारी अथवा पासवर्ड या ओटीपी किसी से भी सांझा न करें। तत्काल लोन के संबंध में कोई भी ऐप डाउनलोड न करे । ओएलएक्स पर कुछ भी सामान खरीदने या बेचने की सूरत में रुपये प्राप्त करने या देने वाले लिंक पर क्लिक न करें। किसी अनजान के कहने पर कोई भी आनलाइन ट्रांजेक्शन न करें। किसी भी अनजान नंबर से आई वीडियो काल को रिसीव न करें। साइबर अपराध से सुरक्षा के अन्य तौर-तरीकों पर भी जागरूक किया गया। उन्होंने आमजन से आह्वान करते हुए कहा कि फेसबुक पर अनजान व्यक्ति की फ्रेंड रिक्वेस्ट स्वीकार न करें। वॉटसएप या ईमेल पर अज्ञात नंबर से आए संदिग्ध किसी भी लिंक को ओपन न करें।
साइबर अपराध (CYBER CRIME) का शिकार होने पर तुंरत 1930 पर काल कर दर्ज करवाए शिकायत
तमाम सावधानियों के बावजूद अगर फिर भी आपके साथ ठगी हो जाती है तो तत्काल साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या साइबर पोर्टल बेवसाइट www.cybercrime.gov.in पर तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करवाएं, इसके अलावा साइबर अपराध थाना या नजदीक पुलिस स्टेशन में स्थापित साइबर हेल्प डेस्क (CYBER CRIME HELPDESK) पर भी अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते है। ताकि समय रहते साइबर फ्रॉड करने वाले अकाउंट को ब्लॉक करवाया जा सके।

Comments