Thursday, April 16, 2026
Newspaper and Magzine


नशा व अवैध हथियार तस्करी : 5 माह के दौरान 286 मुकदमे दर्ज कर 358 आरोपियों को काबू कर भेजा जा चुका है जेल.

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at June 4, 2022 Tags: , , , , , ,

BOL PANIPAT : 4 जून 2022, नशा व अवैध हथियार तस्करी की वारदातों पर नकेल कसते हुए विशेष अभियान के तहत जिला पुलिस द्वारा जनवरी से अब तक 5 माह के दौरान 286 मुकदमे दर्ज कर 358 आरोपियों को काबू कर भेजा जा चुका है जेल. पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने अभियान की सफलता का श्रेय पुलिस की टीमों व आमजन को दिया।

जिला पुलिस द्वारा नशा व अवैध हथियार तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के काफी सार्थक परिणाम सामने आए हैं। जिला पुलिस द्वारा जहां नशा तस्करों व अवैध हथियार रखने वालो पर शिकंजा कसा जा रहा है वहीं आमजन को नशे जैसी सामाजिक बुराईयों के खिलाफ जागरूक भी किया जा रहा है।

पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नशा एक सामाजिक बुराई है और इस बुराई को समाज से मिटाने के लिए सभी लोगों को आगे आना होगा, ताकि नशा मुक्त व अपराध मुक्त समाज की स्थापना की जा सके। उन्होने कहा कि जिला पुलिस अपने स्तर पर नशे के खिलाफ अभियान चलाए हुए हैं, इस मुहिम को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए समाज के सभी लोगों का साथ अति आवश्यक है। जिला पुलिस ने बीते 5 माह के दौरान मादक पदार्थ अधिनियम के तहत 60 मुकदमे दर्ज कर 96 आरोपियों को इसी प्रकार अवैध शराब तस्करी के 178 मुकदमें दर्ज कर 210 आरोपियों को लाखों रुपये के मादक पदार्थ व अवैध शराब सहित काबू कर उन्हे जेल भेजा गया।

इस अवधि के दौरान 161 किलो 994 ग्राम गांजा, 12 किलो 250 ग्राम चरस, 2 किलो 814 ग्राम अफीम, 23 किलो 86 ग्राम पोपी हस्क, 45 ग्राम हेरोइन, 154 किलो 470 ग्राम अफीम के पौधे, 56 ग्राम स्मेक, नशीले प्रतिबंधित 18 इंजेक्शन व 1250 किलो लाहण, 268 बोतल कच्ची शराब, 180 बोतल बीयर, 568 बोतल अंग्रेजी शराब व 2765 बोतल अवैध देशी शराब पकड़े गए तस्करों से बरामद की गई।

इसी प्रकार आर्म्स एक्ट के तहत 48 अभियोग दर्ज कर पकड़े गए 52 आरोपियों से 47 देशी पिस्तौल व 21 जिंदा रौंद बरामद कर आरोपियों को जेल भेजा गया।

पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने कहा की इसी तरह आमजन का सहयोग मिलता रहा तो और भी बेहतर परिणाम सामने निकल कर आएगें। नशा बेचने वालों के बारे में बेझिझक पुलिस को सूचना दे, सूचना देने वाले की पहचान, नाम पता पूरी तरह से गुप्त रखा जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की अगर कोई व्यक्ति नशे से ग्रसित है तो उसे नशा छोड़ने के लिए भी प्रेरित करें।

Comments