प्राचीन कला केंद्र, चंडीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया भास्कर राव संगीत सम्मेलन में आई.बी. कॉलेज पानीपत का शैक्षणिक संगीत भ्रमण
BOL PANIPAT । आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत के संगीत विभाग द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक और सांस्कृतिक विकास को ध्यान में रखते हुए प्राचीन कला केंद्र, चंडीगढ़ में आयोजित ऑल इंडिया भास्कर राव संगीत सम्मेलन के अवसर पर एक विशेष म्यूज़िकल टूर का आयोजन किया गया। यह शैक्षणिक भ्रमण कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह की अनुमति से संपन्न हुआ। इस अवसर पर संगीत गायन विभाग की अध्यक्षा डॉ. मोनिका सोनी, संगीत वादन विभाग की अध्यक्षा डॉ. भगवंत कौर, तबला वादक अमन कुमार तथा संगीत विभाग के विद्यार्थी इस कार्यक्रम में शामिल हुए।
सम्मेलन में देश के प्रख्यात सितार वादक पंडित पूर्बायन चटर्जी और सुप्रसिद्ध तबला वादक पंडित सत्यजीत तलवलकर ने अपनी उत्कृष्ट प्रस्तुति से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। दोनों कलाकारों की जुगलबंदी ने भारतीय शास्त्रीय संगीत की समृद्ध परंपरा और गहनता को अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। सितार और तबले का यह अद्भुत संगम उपस्थित सभी संगीत प्रेमियों के लिए एक अविस्मरणीय अनुभव बन गया।
इस अवसर पर आई.बी. कॉलेज के विद्यार्थियों को महान कलाकारों की प्रस्तुति को निकट से देखने और सुनने का अवसर मिला, जिससे उन्हें भारतीय शास्त्रीय संगीत की बारीकियों को समझने में काफी मदद मिली। विद्यार्थियों ने इस अनुभव को अपने संगीत अध्ययन के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।
कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने अपने संदेश में कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने कहा कि महान कलाकारों की प्रस्तुति को प्रत्यक्ष रूप से देखना और सुनना विद्यार्थियों के ज्ञान और दृष्टिकोण को व्यापक बनाता है। उन्होंने संगीत विभाग की इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियों को प्रोत्साहित करने की बात कही।
संगीत गायन विभाग की अध्यक्षा डॉ. मोनिका सोनी और संगीत वादन विभाग डॉ. भगवंत कौर ने बताया कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी प्रदान करते हैं। वहीं तबला वादक श्री अमन कुमार ने विद्यार्थियों को ताल और लय की बारीकियों पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।
यह म्यूज़िकल टूर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक और प्रेरणादायक सिद्ध हुआ तथा उन्होंने इसे अपने संगीत जीवन का एक यादगार अनुभव बताया।

Comments