Wednesday, October 7, 2026
Newspaper and Magzine


सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता: महीपाल ढांडा

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at October 7, 2026 Tags: , , , ,

शिक्षा मंत्री ने विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए तेजी लाने के निर्देश

विकास कार्यों में तेजी और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर मंत्री ने अधिकारियों से किया मंथन

BOL PANIPAT , 7 अक्टूबर। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने बुधवार को जिला सचिवालय में उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ तथा जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों से सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से धरातल पर उतारने तथा पात्र लोगों तक इनका लाभ पहुंचाने को लेकर विस्तार से चर्चा की।

    शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि प्रदेश सरकार का मुख्य उद्देश्य हर वर्ग के कल्याण के साथ-साथ प्रदेश के समग्र विकास को गति देना है। सरकार द्वारा शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, सामाजिक सुरक्षा, आधारभूत सुविधाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं का वास्तविक लाभ तभी सुनिश्चित होगा, जब अधिकारी पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ इनके क्रियान्वयन पर फोकस करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करते हुए इनके क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए।

    योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक समयबद्ध तरीके से पहुंचे और आमजन को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की परेशानी न हो, यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए।

मंत्री ने जिले में कानून एवं व्यवस्था से संबंधित विषयों को लेकर पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण से भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि विकास के साथ-साथ मजबूत कानून व्यवस्था भी प्रदेश की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार है। प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के साथ आमजन को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराया जाना जरूरी है।

    उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने शिक्षा मंत्री को आश्वस्त किया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की ओर से जिले में क्रियान्वित की जा रही सभी जनकल्याणकारी एवं विकासात्मक योजनाओं की प्रगति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा कि योजनाओं के क्रियान्वयन में और तेजी लाई जाएगी तथा पात्र नागरिकों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि विकास कार्यों को निर्धारित समय में पूरा करने के साथ-साथ उनकी गुणवत्ता भी सुनिश्चित की जाए।

    बैठक में शहरी विधायक प्रमोद विज, समालखा विधायक मनमोहन भड़ाना, एडीसी अंकित चौकसे, पुलिस अधीक्षक मेघा भूषण, मेयर कोमल सैनी, प्रभारी ललित, डीएसपी विकास चहल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply