शिकायत लेकर पहुंचे हर नागरिक को मिले त्वरित राहत, समस्याओं के समाधान में कोताही नहीं: नगराधीश टीनू पोसवाल
जनता की समस्याओं का समाधान पुलिस विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता, हर शिकायत को गंभीरता से लेकर समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करें अधिकारी: एएसपी हर्षित गोयल
जनता की आवाज पर हो रहा तुरंत एक्शन
शिकायत मिलने के बाद केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें अधिकारी
BOL PANIPAT , 17 अगस्त। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की सोच है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक अपनी समस्या को लेकर परेशान न रहे और प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए। इसी उद्देश्य को लेकर जिला स्तर पर जिला सचिवालय सभागार तथा उपमंडल स्तर पर प्रत्येक सोमवार और वीरवार को जनता समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों में अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर आमजन की शिकायतें सुनते हैं तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देते हैं। इसी कड़ी में सोमवार को जिला सचिवालय सभागार में आयोजित जनता समाधान शिविर में नगराधीश टीनू पोसवाल और एएसपी हर्षित गोयल ने आमजन की शिकायतें सुनीं। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। अधिकारियों ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जन शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए नगराधीश टीनू पोसवाल ने कहा कि जनता समाधान शिविर का उद्देश्य केवल शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि नागरिकों को उनकी समस्याओं के समाधान की दिशा में ठोस कार्रवाई उपलब्ध करवाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक शिकायतकर्ता की समस्या को संवेदनशीलता और गंभीरता से सुना जा रहा है। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए और संबंधित विभाग निर्धारित प्रक्रिया के तहत शीघ्र कार्यवाही करें। उन्होंने कहा कि प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायत मिलने के बाद केवल औपचारिक कार्रवाई तक सीमित न रहें, बल्कि समस्या की वास्तविक स्थिति की जांच कर उसका उचित समाधान सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि जनता का प्रशासन पर विश्वास तभी मजबूत होगा, जब लोगों को अपनी समस्याओं का समय पर समाधान मिलेगा।
एएसपी हर्षित गोयल ने पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतों पर सुनवाई करते हुए कहा कि कानून व्यवस्था से जुड़ी प्रत्येक शिकायत पुलिस के लिए महत्वपूर्ण है। जो भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर प्रशासन और पुलिस के पास पहुंचता है, उसकी शिकायत पर गंभीरता से संज्ञान लेकर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की जांच निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ की जाए तथा किसी भी शिकायतकर्ता को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। विशेषकर घरेलू विवादों और पारिवारिक मामलों से संबंधित शिकायतों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाए तथा दोनों पक्षों की बात सुनकर नियमानुसार उचित कदम उठाए जाएं। उन्होंने कहा कि शिकायतों को लंबित रखने के बजाय उनकी प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए और जरूरत पडऩे पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता समाधान शिविर में क्रिड से संबंधित 3 शिकायतें एडीसी कार्यालय से जुड़ी प्राप्त हुईं। कानूनी कार्रवाई से संबंधित 3 शिकायतें पुलिस अधीक्षक कार्यालय से संबंधित थीं। ड्रेनेज मामले से जुड़ी 2 शिकायतें डीडीपीओ कार्यालय से संबंधित रहीं। डीएमसी मामले से संबंधित 1 शिकायत प्राप्त हुई। दिव्यांग पेंशन से संबंधित 1 शिकायत तथा सीमांकन से संबंधित 1 शिकायत भी शिविर में पहुंची। इस प्रकार कुल 11 शिकायतें प्राप्त हुईं। सभी 11 शिकायतों पर संबंधित विभागों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। इस मौके पर सीएम विंडो एमिनेंट पर्सन सुरेंद्र जोगी, आरडी कल्याण और राजेश भारद्वाज ने जनता समाधान शिविर की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविर आम नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम हैं। लोगों को अपनी समस्या के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने के बजाय एक ही स्थान पर अधिकारियों के समक्ष अपनी बात रखने का अवसर मिल रहा है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि जनता समाधान शिविर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की उस सोच को धरातल पर उतारने का महत्वपूर्ण माध्यम है, जिसमें आमजन की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया है। उन्होंने कहा कि यदि शिकायतों पर इसी तरह गंभीरता से सुनवाई और विभागीय स्तर पर समयबद्ध कार्रवाई जारी रहती है तो इससे आमजन का प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे नागरिक मौजूद रहे। दोनों अधिकारियों ने शिकायतकर्ताओं को उनकी समस्याओं पर नियमानुसार कार्रवाई का भरोसा दिलाया और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

Comments