स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाईस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने भापरा डंपिंग ग्राउंड का किया निरीक्षण
जेबीएम कम्पनी के कार्य पर जताया असंतोष, डंपिंग ग्राउंड में स्वच्छता और पर्यावरण सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाने के दिए निर्देश
BOL PANIPAT : पानीपत/समालखा, 9 जुलाई। स्वच्छ भारत मिशन हरियाणा के कार्यकारी वाईस चेयरमैन सुभाष चंद्र ने बुधवार को गांव भापरा में चल रहे कचरा प्रबंधन केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ समालखा नगर पालिका अध्यक्ष अशोक कुछल भी मौजूद रहे। निगम अधिकारियों के साथ निरीक्षण के दौरान उन्होंने कूड़े के निस्तारण के लिए चल रहे कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान सुभाष चंद्र ने देखा कि डंपिंग ग्राउंड में कूड़े का निस्तारण सही तरीके से हो रहा है या नहीं। उन्होंने कूड़े के निस्तारण के लिए इस्तेमाल की जा रही मशीनों और उपकरणों की भी जांच की। इसके अलावा, उन्होंने डंपिंग ग्राउंड के आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण की स्थिति का भी जायजा लिया।
निरीक्षण के बाद वाईस चेयरमैन ने संबंधित अधिकारियों को डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि डंपिंग ग्राउंड के आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाए जाएं। उन्होंने गीले और सूखे कचरे के प्रबंधन और पर्यावरणीय खतरों को कम करने के लिए किए जा रहे उपायों पर ज़ोर दिया। दौरे के दौरान कम्पनी के अधिकारियों ने वाईस चेयरमैन को कचरा पृथक्करण की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
जेबीएम कम्पनी की खामियों पर असंतोष व्यक्त करते हुए सुभाष चंद्र ने उन्हें कचरा निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश दिए। संबंधित अधिकारियों को कचरे से होने वाली दुर्गंध और कचरे को उडऩे से रोकने के लिए डंपिंग ग्राउंड के आसपास ऑक्सीजन देने वाले पेड़ पौधे लगाने की बात कही।
सुभाष चंद्र ने बताया कि यह निरीक्षण डंपिंग ग्राउंड में कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था को बेहतर बनाने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने के प्रयासों का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हम इसे एक आदर्श मॉडल बनाएँ कि कैसे कचरे का प्रबंधन जिम्मेदारी और सौंदर्यपूर्ण ढंग से किया जा सकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे इस जगह को और अधिक स्वच्छ और हरित बनाने के लिए तेज़ी और कुशलता से काम करें। इस अवसर पर समालखा नगर पालिका सचिव मनीष कुमार सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

Comments