अंतरराज्यीय कार चोर गिरोह का पर्दाफ़ाश करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को चोरी की क्रेटा कार सहित किया काबू.
आरोपी हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, यूपी और पंजाब में लैपटॉप से लग्जरी गाड़ियों के लॉक तोड़कर करते थे चोरी.
चोरी की दो कार, दो बाइक व फर्जी नंबर प्लेट व फर्जी आरसी बरामद.
BOL PANIPAT : 18 नवम्बर 2022, पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के मार्गदर्शन में कार्रवाही करते एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर संदीप व उनकी टीम ने अंतरराज्यीय कार चोर गिरोह का पर्दाफ़ाश करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को काबू करने में बड़ी कामयाबी हासिल की है। आरोपियों की पहचान राहुल व भीम निवासी गांव बीरण जिला भिवानी के रूप में हुई।
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन ने बताया कि आरोपी राहुल व भीम चोरीशुदा क्रेटा कार में सवार होकर बेचने के लिए समालखा बापौली से होते हुए वीरवार को यूपी जा रहे थे। पानीपत एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम ने मिली विशेष सूचना पर नाकाबंदी कर आरोपियों को बापौली में टी प्वाइंट पर कार सहित काबू किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने गिरोह के सरगना गांव बीरण निवासी सगे भाई आरोपी पवन, सतीश व गिरोह के सदस्य आरोपी संदीप के साथ मिलकर विभिन्न राज्यों से कार व बाइक चोरी करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों से खुलाशा हुआ वे सभी हरियाणा, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, यूपी और पंजाब के विभिन्न शहरों में रैकी कर रात के समय सैक्टरों से लग्जरी गाड़ियों को चोरी करते थे। आरोपी वर्ष 2014 से वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देने में सक्रिय है। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा एक क्रेटा व एक बरेजा कार सहित एक बुलेट बाइक, एक स्पलेंडर बाइक व दो नकली आरसी व चार जोड़ी फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है।
आरोपियों के खिलाफ थाना बापोली में आईपीसी की धारा 379,411,420,467,468,471 के तहत मुकदमा दर्ज कर वाहन चोरी की अन्य वारदातों बारे गहनता से पूछताछ करने के लिए गिरफ्तार दोनों आरोपियों को आज माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी भीम को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया व आरोपी राहुल को 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। आरोपी राहुल पर गुड़गांव फतेहबाद व रोहतक में गाड़ी चोरी के कई मुकदमें दर्ज है। आरोपी गत सितम्बर में रोहतक की सुनारियां जेल से बेल पर बाहर आया था।
आरोपी पंपिंग बैग व लैपटॉप की मदद से 5 मिनट में ही लग्जरी गाड़ी को चोरी कर ले जाते थे
प्रारंभिक पूछताछ में गिरफ्तार दोनों आरोपियों से चोकाने वाले खुलाशे हुए। गिरोह के सभी आरोपी चोरी की एक गाड़ी में सवार होकर रात के समय निकलते और सैक्टरों में घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों के बीच में अपनी गाड़ी पार्क कर उसकी सभी लाइटें बंद कर देते और गाड़ी को स्टार्ट रखते। इनमें से दो आरोपी गाड़ी से नीचे उतरकर साइड में खड़ी गाड़ी की खिड़की को थोड़ा सा उकसा बीच में पंपिंग बैग फसा हवा भर खिड़की के लॉक को तोड़कर गाड़ी के अंदर घूस जाते थे। इसके बाद गाड़ी के अंदर बैठकर लैपटॉप व डिवाइस की मदद से अनलॉक कर पांच मिनट में ही गाड़ी को चोरी कर ले जाते थे।
एंटी व्हीकल थेप्ट की टीम ने बापौली में टी प्वाइंट पर नाकाबंदी कर किया आरोपियों को काबू
पानीपत पुलिस की एंटी व्हीकल थेप्ट की टीम वीरवार को गश्त के दौरान बापौली में समालखा रोड पर मौजूद थी। टीम को गुप्त सूचना मिली कि दो अज्ञात युवक दिल्ली नंबर सफेद रंग की एक क्रेटा कार में सवार होकर बेचने के लिए बापौली से होते हुए यूपी की तरफ जाएगे। कार चोरी की होने की संभावना है। पुलिस टीम ने बापौली में टी प्वाइंट पर नाकाबंदी कर क्रेटा कार सवार दोनों आरोपी युवको को काबू कर पूछताछ तो उन्होंने अपनी पहचान राहुल पुत्र शशिकुमार व भीम पुत्र राजा निवासी गांव बीरण जिला भिवानी के रूप में बताई। गाड़ी के कागजात मांगने पर दोनों बहाने बाजी करने लगे। पुलिस टीम ने इंजन व चेसिस नंबर के आधार पर ऑनलाइन चैक किया तो कार यूपी के गाजियाबाद जिला के साहिबाबाद से चोरी की पाई गई। गाड़ी के अंदर से 2 फर्जी आरसी, दो मोबाइल फोन, दो स्टेयरिंग लॉक व आठ फर्जी नंबर प्लेट बरामद हुई।
गिरोह के सरगना आरोपी पवन संदीप व सतीश के साथ गत मंगलवार को पानीपत एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस टीम की भिवानी जिला के तोशाम में हुई थी मुठभेड़
पुलिस अधीक्षक शशांक कुमार सावन के मार्गदर्शन में कार्रवाही करते हुए एंटी व्हीकल थेप्ट इंचार्ज सब इंस्पेक्टर संदीप व उनकी टीम जिला में वाहन चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने व वाहन चोर गिरोह की धरपकड़ के लिए विभिन्न पहलूओं पर सघंन प्रयासरत थी। टीम को गत दिनों गुप्त सूचना मिली थी कि थाना चांदनी बाग क्षेत्र के अंतर्गत सैक्टर 12 में घर के बाहर से जून माह में क्रेटा गाड़ी चोरी करने वाले आरोपी पवन, सतीश, संदीप व राहुल निवासी बीरण जिला भिवानी तोशाम में हांसी रोड पर किराये का कमरा लेकर रह रहे है। क्रेटा कार चोरी की वारदात बारे सैक्टर 12 निवासी रमेश जैन की शिकायत पर थाना चांदनी बाग में मुकदमा दर्ज है।
एंटी व्हीकल थेप्ट की टीम ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए गत मंगलवार 15 नवम्बर को भिवानी जिला के तोशाम में उनके किराये के कमरे पर दबिस दी तो आरोपी नही मिले। टीम तोशाम हांसी रोड पर ही आरोपियों की तलाश में जूट गई। पुलिस टीम थोड़ा आगे चली तो टीम को सामने से एक फॉर्च्यूनर गाड़ी आती दिखाई दी। गाड़ी में तीन युवक सवार थे। फॉर्च्यूनर गाड़ी चालक को पुलिस टीम ने रूकने का इशारा किया तो आरोपियों ने पुलिस टीम की और गाड़ी भगाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। एक गोली टीम में तैनात ईएएसआई धर्मबीर के कान से पास से गुजरते हुए निकली। आत्म रक्षा में पुलिस टीम ने हवाई फायर किये तो आरोपियों ने गाड़ी को भगा लिया। पुलिस टीम ने आरोपियों का पीछा किया परंतु आरोपी गाड़ी सहित भागने में कामयाब हो गए थे। पानीपत एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस की टीम ने भिवानी के तोशाम थाना में शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 186,332,353,307,34 व आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करवाया गया था।
आरोपी इलाज के लिए राजस्थान के झुंझुनू जिला के चिड़ावा में पहुंचे तो संदिग्ध दिखने पर राजस्थान पुलिस ने पूछताछ कर जानकारी भिवानी पुलिस को दी। भिवानी पुलिस ने चिड़ावा पहुंचकर आरोपी सतीश व संदीप को गिरफ्तार कर लिया वही एक आरोपी इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती है। वाहन चोरी की वारदात के संबध में पूछताछ करने के लिए जिला की एंटी व्हीकल थेप्ट पुलिस की टीम जल्द ही आरोपियों को प्रोडक्शन वारंट पर पानीपत लेकर आएगी।

Comments