सेम व लवणीय भूमि सुधार के लिए किसान आए आगे : डीसी
-किसान को इस कार्य के लिए देने होंगे केवल एक हजार रूपए
BOL PANIPAT , 2 अप्रैल। डीसी सुशील सारवान ने कहा है कि किसानों को सेमग्रस्त एवं लवणीय भूमि की समस्या से छुटकारा दिलाने के लिए मुख्यमंत्री श्री मनोहर लाल की ओर से अहम योजना शुरू की गई है, जिसके तहत किसान केवल एक हजार रूपए देकर भूमि सुधार करवा सकते हैं।
डीसी ने बताया कि सेमग्रस्त और लवणीय भूमि का सुधार करवाने की योजना का लाभ लेने के लिए किसान 15 अप्रैल 2022 तक एग्रीहरियाणा पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। सेमग्रस्त एवं लवणीय भूमि सुधार योजना में आवेदन करने के लिए किसान को एक हजार रुपए की फीस देनी होगी। यह राशि किसान के अंशदान में समायोजित कर दी जाएगी। योजना के तहत किसान को अपनी सहमति देनी जरूरी है। भूमि सुधार का कार्य किसानों से अनुमोदन मिलने के बाद ही शुरू किया जाएगा। इसके लिए किसानों से पम्प हाऊस व नागरिक संरचनाओं के लिए जमीन व सहमति ली जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना का लाभ उठाने के लिए किसानों को एग्रीहरियाणा पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। इच्छुक किसान योजना की अधिक जानकारी के लिए टोल-फ्री नंबर 18001802117 पर भी सम्पर्क कर सकते है। जलभराव वाले क्षेत्रों में सेम व लवण की समस्या को दूर करने के लिए हरियाणा सरकार ने यह महत्वपूर्ण योजना शुरू की है। जिला के जिस भी गांव के किसान जलभराव व लवणीय भूमि की समस्या से सामना कर रहे हैं उन गांवों के सेम व लवणीय समस्या से परेशान किसान भूमि का सुधार करवाने के लिए पोर्टल पर पंजीकरण अवश्य करवाएं।

Comments