Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


एकीकृत कीट प्रबंधन योजना के तहत किसानों को मिलेगी 75 प्रतिशत तक सब्सिडी.

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at April 17, 2026 Tags: , , , ,

BOL PANIPAT : 17 अप्रैल। उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि फसलों को नुकसान पहुंचाने वाले कीट नियंत्रण के आधुनिक साधनों को अपनाने के लिए उद्यान विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत अनुदान दिया जा रहा है। विभाग द्वारा एकीकृत कीट प्रबंधन योजना के तहत किसानों को विभिन्न उपकरणों एवं तकनीकों पर 75 प्रतिशत तक सब्सिडी दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत सोलर पावर एलईडी लाइट ट्रैप (नॉन आईसीएआर) पर प्रति इकाई 4,000 रुपये लागत के मुकाबले 3,000 रुपये अनुदान दिया जाएगा, जबकि आईसीएआर प्रकार के ट्रैप पर 8,400 रुपये की लागत पर 6,300 रुपये की सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी। इसी प्रकार सोलर पावर एआई ट्रैप्स के लिए भी 75 प्रतिशत की दर से अनुदान दिया जाएगा।
उपायुक्त ने बताया कि फेरोमोन ट्रैप, जो फसल के आकार के अनुसार उपयोग किए जाते हैं, पर प्रति एकड़ 432 रुपये लागत के मुकाबले 324 रुपये अनुदान निर्धारित किया गया है। इसके अलावा ल्यूअर (टाइप-1 व टाइप-2) पर भी क्रमश: 800 रुपये व 1,760 रुपये प्रति एकड़ लागत पर 600 रुपये और 1,320 रुपये तक की सहायता दी जाएगी। इसके अलावा स्टीकी ट्रैप पर भी किसानों को राहत देते हुए 384 रुपये प्रति एकड़ लागत पर 288 रुपये अनुदान दिया जाएगा। इन सभी योजनाओं के अंतर्गत अधिकतम सीमा 4 एकड़ तक निर्धारित की गई है।
उपायुक्त डॉ. विरेंदर कुमार दहिया ने बताया कि इस योजना का उद्देश्य रासायनिक कीटनाशकों पर निर्भरता कम करना और पर्यावरण अनुकूल तकनीकों को बढ़ावा देना है। इससे किसानों की लागत में कमी आएगी और फसल की गुणवत्ता में भी सुधार होगा। उन्होंने जिला के किसानों से अपील की है कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाएं और अपनी आय में वृद्धि करें।

Comments


Leave a Reply