फैक्टरी में घुसकर मारपीट करने के 4 आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 03 अक्तूबर। थाना चांदनी बाग पुलिस ने आदर्श कॉलोनी स्थित फैक्टरी में घुसकर फैक्टरी संचालक से मारपीट करने मामले में चार आरोपियों को शुक्रवार शाम सेक्टर-12 से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गोविंद निवासी सेक्टर-11, आशीष व पंकज निवासी गंगापुरी रोड वाल्मीकि बस्ती तथा अमित निवासी राजीव कॉलोनी के रूप में हुई है।
थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि थाना चांदनी बाग में वंश पुत्र संजय निवासी सेक्टर-25 ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने पिता संजय के साथ आदर्श कॉलोनी स्थित अपनी हैडलूम की फैक्टरी में कार्य करता है। 24 अगस्त को शाम करीब 7 बजे वह अपने पिता के साथ एक्टिवा पर गंगापुरी रोड से जा रहा था। गोविंद लाल निवासी सेक्टर-11 अपनी दुकान के बाहर बैठा हुआ था। गोबिंद लाल ने उसके पिता को अपशब्द कहे। उसके पिता ने बाइक धीमी कर कारण पूछा तो गोविंद लाल ने उन्हें फैक्टरी में आकर सबक सिखाने की धमकी दी।
शाम करीब 7:45 बजे गोविंद लाल अपने तीन अन्य साथियों के साथ फैक्टरी में आया। चारों आरोपियों ने ऑफिस में घुसकर उसके पिता के साथ मारपीट की और पीटते हुए ऑफिस से बाहर खींचकर ले आए। इनमें दो युवकों ने डंडों से उसके पिता पर वार किए। उसका चाचा बीच-बचाव करने लगा तो आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट की। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी धमकी देते हुए डंडों सहित मौके से फरार हो गए। थाना चांदनी बाग में वंश की शिकायत पर नामजद आरोपी सहित चार आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच और आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
प्रभारी इंस्पेक्टर किरण ने बताया कि गिरफ्तार चारों आरोपियों गोविंद, आशीष, अमित व पंकज ने पूछताछ में मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी गोविंद ने अपने तीनों साथी आरोपियों के साथ मिलकर रंजिशन संजय पर हमला करने की वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने शनिवार को चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से आरोपी आशीष को न्यायायिक हिरासत जेल भेज दिया गया और आरोपी गोविंद, अमित व पंकज को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान पुलिस तीनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त एक्टिवा व डंडा बरामद करने का प्रयास करेंगी।

Comments