जानलेवा हमला करने के चार आरोपी गिरफ्तार. वारदात में प्रयुक्त चाकू व तीन बेल्ट बरामद.
BOL PANIPAT, 11 जून : थाना चांदनी बाग पुलिस ने प्रजापति चौक पर तीन दोस्तों का रास्ता रोककर चाकू व बेल्ट से जांनलेवा हमला करने के चार आरोपियों को बुधवार शाम को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान गांव जोली शामली यूपी हाल बलजीत नगर निवासी आयान, कैराना शामली यूपी हाल प्रजापति चौक निवासी सागर, शामली यूपी हाल बलजीत नगर निवासी फहीम तथा गांव दादुपुर गोविंदपुर हरिद्वार उत्तराखंड हाल घूप सिंह नगर निवासी समीर के रूप में हुई है।

थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि थाना चांदनी बाग में शिव नगर बबैल रोड निवासी शिवम पुत्र विनोद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 24 अप्रैल की शाम करीब 5 बजे वह दोस्त गोरव व साहिल के साथ प्रजापति चौक पर बाइक ठीक कराने गया था। वहा आयान अपने साथी सागर, फहीम व एक अन्य लड़के के साथ पहले से मौजूद था। उसके दोस्त गौरव की आयान के साथ किसी बात को लेकर पहले से रंजिश चल रही थी। रंजिशन चारों आरोपियों ने मिलकर उनके साथ चौक पर कहासुनी कर दी। वे तीनों जाने लगे तो चारों आरोपियों ने उनका रास्ता रोककर बेल्ट व चाकू से हमला कर चोट मारी और जांन से मारने की धमकी देकर मौके से फरार हो गए। थाना चांदनी बाग में शिवम की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।
प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि पूछताछ में चारों आरोपियों ने रास्ता रोककर चाकू व बेल्ट से जांनलेवा हमला करने की उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे वारदात में प्रयुक्त एक चाकू व दो बेल्ट बरामद कर वीरवार को पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को माननीय न्यायलाय में पेश किया जहा से उन्हें न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।

Comments