Wednesday, May 13, 2026
Newspaper and Magzine


पीवीआर के सामने लोहा पुल पर राहगीरों से लूट करने वाले गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार: दो वारदातों का खुलासा।

By LALIT SHARMA , in Uncategorized , at June 8, 2025

BOL PANIPAT : 8 जून 2025,पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर 13/17 पुलिस ने पीवीआर के सामने लोहा पुल पर राहगीरो से नगदी लूट की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह के सरगना सहित चार आरोपियों को पीवीआर के पास से गिरफ्तार किया। आरोपियों ने पूछताछ में लूट की दो वारदातों को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपियों की पहचान सेक्टर 6 निवासी श्रीपाल व कच्चा कैंप पूरेवाल कॉलोनी निवासी मोहित, जगजीत व मोहित के रूप में हुई है।

थाना सेक्टर 13/17 प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि थाना सेक्टर 13/17 पुलिस टीम को शनिवार देर शाम को गश्त के दौरान गुप्त सूचना मिली थी कि संदिग्ध किस्म के चार युवक पीवीआर के नजदीक लोहा पुल के पास किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश देकर चारों युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में अपनी पहचान श्रीनिवास पुत्र राजपाल निवासी सेक्टर 6, मोहित पुत्र राजेंद्र, जगजीत पुत्र सुरेंद्र व मोहित पुत्र गुलशन निवासी कच्चा कैंप पूरेवाल कॉलोनी के रूप में बताई। गहनता से पूछताछ करने पर चारों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर 5 जून की बाद दोपहर पीवीआर के नजदीक लोहा पुल पर एक युवक से 6 हजार रूपए नगदी लूटने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। नगदी लूट की उक्त वारदात बारे थाना सेक्टर 13/17 में गढी बेसिक गांव निवासी मुजम्मिल पुत्र मुरसलीम की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।
पूछताछ में आरोपियों ने उक्त वारदात के अतिरिक्त 2 फरवरी को बाद दोपहर लोहा पुल पर एक अन्य युवक से 20 हजार रूपए लूटने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। लूट की उक्त वारदात बारे थाना सेक्टर 13/17 में नूरवाला की जसबीर कॉलोनी निवासी मोहित पुत्र राधेश्याम की शिकायत पर अभियोग दर्ज है।

प्रभारी इंस्पेक्टर राकेश ने बताया कि आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस को बताया गिरोह का मास्टरमाइंड आरोपी श्रीपाल है। चारों आरोपी नशा करने के आदी हैं। नशे की लत पूरी करने के लिए पैसों की जरूरत पड़ी तो चारों आरोपियों ने वारदात में शामिल फरार अपने साथी आरोपी के साथ मिलकर एकाएक कर नगदी लूट की उक्त वारदातों को अंजाम दिया। आरोपियों ने 5 जून को मुजम्मिल से लूटी 6 हजार की नगदी में से ज्यादातर पैसे खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बचे 2 हजार रूपए बरामद कर रविवार को पूछताछ के बाद चारों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया। जहा से उन्हे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया। वारदात में शामिल फरार आरोपी को भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Comments