जिम से लौट रहे युवक पर हमला करने के मामले में मुख्य आरोप सहित चार और आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 28 सितंबर। थाना तहसील कैंप पुलिस ने मोतीराम कॉलोनी में जिम से घर लौट रहे कॉलोनी निवासी युवक विजय पर हमला करने के मामले में शनिवार को मुख्य आरोपी सहित चार और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की पहचान सुहेल निवासी मोतीराम कॉलोनी, रिहान, आयुष व रोहन निवासी काबड़ी के रूप में हुई है।
थाना तहसील कैंप प्रभारी सब इंस्पेक्टर बंसीलाल ने बताया कि पूछताछ में चारों आरोपियों ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके छह आरोपियों अरसद, रितिक व विजय निवासी दिनानाथ कॉलोनी, रचित निवासी जावा कॉलोनी, विशाल निवासी हनुमान कॉलोनी व अभिषेक निवासी मोहाली के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की है। आरोपियों से पूछताछ में खुलासा हुआ मुख्य आरोपी सुहेल ने कुछ दिन पहले एक मामले में हुई पंचायत में माफी मांगी थी। इस बात की वह विजय से रंजिश रखे हुए था। आरोपी सुहेल ने अपने उक्त सभी साथी आरोपियों के साथ मिलकर साजिश रची और 23 सितंबर की शाम विजय के जिम से निकलते ही आरोपियों ने मिलकर उस पर हमला कर मारपीट की वारदात को अंजाम दिया और मौके से फरार हो गए थे। पुलिस द्वारा गिरफ्तार चारों आरोपियों के खिलाफ आगामी कार्रवाई अमल में लाई गई।
यह है मामला
थाना तहसील कैंप में विजय पुत्र जितेंद्र पांचाल निवासी मोती राम कॉलोनी, नूरवाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि वह अपने दोस्त याशु पुत्र जितेंद्र गुप्ता निवासी मोती राम कॉलोनी के साथ पिछले करीब चार महीने से शाम के समय जिम करने जाता है।
करीब 15 दिन पहले याशु गुप्ता का करीब तीन वर्षीय भतीजा अपने दादा के साथ खड़ा था। इसी दौरान सुहेल बुलेट बाइक पर तेज रफ्तार से आया और बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में बच्चे के पैर, मुंह व हाथ पर चोटें आईं। बच्चे को अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। अगले दिन आस-पड़ोस के लोगों के कहने पर सुहेल ने माफी मांग ली, जिस पर उन्होंने मामले को वहीं समाप्त कर दिया।
माफी मांगने के बाद सुहेल ने धमकी भरे लहजे में कहा कि यदि लड़का मर जाता तो कितने पैसे लगवा सकते थे। वह पांच दिन में पैसे पूरे कर देता। उसने अपने यहां शादी होने के कारण माफी मांगने की बात कही और यह भी कहा कि वह किसी के आगे नहीं झुकता।
23 सितंबर की शाम वह और याशु जिम करने के बाद बाहर निकले तो गली में सुहेल, साज्जू, अरसद, रितिक, वशिक, सम्मी खान तथा 5-7 अन्य युवक खड़े थे। इनमें कुछ युवकों ने मुंह पर कपड़ा बांधा हुआ था तथा उनके पास पंच और चाकू थे। आरोपियों ने उन दोनों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। दुकानदारों व आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने पर उनकी जान बची।
उन दोनों ने परिवार को फोन कर घटना की जानकारी दी। परिजनों के मौके पर पहुंचने के बाद जब उन्होंने सुहेल के परिजनों से इस बारे में बात की तो उन्होंने फोन कर अन्य लड़कों को भी बुला लिया। आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि अब आर-पार की होगी तथा जो बीच में आएगा, उसे भी मार देंगे। आरोपियों ने मोहल्ले के लोगों को भी धमकाया। उनकी छत पर लाठी, ईंट-पत्थर रखे हुए थे और एक व्यक्ति ने छत से पिस्टल लहराई।
थाना तहसील कैंप में विजय की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत अभियोग दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।

Comments