Monday, June 1, 2026
Newspaper and Magzine


रोजगार से आत्मनिर्भरता तक, युवाओं के सपनों को नई उड़ान देगी वाइब सैलून एंड अकैडमी: उपायुक्त डॉ विरेंदर कुमार दहिया

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at June 1, 2026 Tags: , , , ,

मेहनत और हुनर से बदलें भविष्य: उपायुक्त डॉ. दहिया ने युवाओं को दिया आत्मनिर्भरता का संदेश

हर व्यवसाय सम्माननीय, हर हुनर मूल्यवान: वाइब सैलून एंड अकैडमी का भव्य शुभारंभ

35 लाख के निवेश से शुरू हुई आधुनिक अकैडमी, कौशल विकास का बनेगी नया केंद्र

BOL PANIPAT , 1 जून। मॉडल टाउन क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वाइब सैलून एंड अकैडमी का सोमवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने बतौर मुख्य अतिथि भाग लिया और रिबन काटकर अकैडमी का उद्घाटन किया तथा पूरी अकैडमी का अवलोकन कर यहां उपलब्ध कराई गई सुविधाओं और प्रशिक्षण व्यवस्था की प्रशंसा की। उपायुक्त डॉ दहिया ने अकैडमी के संचालक शुभम को इस नई पहल के लिए बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

उद्घाटन अवसर पर उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि आज का युग कौशल आधारित अर्थव्यवस्था का युग है, जिसमें युवाओं के लिए स्वरोजगार और उद्यमिता के क्षेत्र में असीम संभावनाएं मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि वाइब सैलून एंड अकैडमी जैसी संस्थाएं केवल व्यवसायिक प्रतिष्ठान नहीं होतीं, बल्कि वे युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का कार्य भी करती हैं।

उपायुक्त ने कहा कि वर्तमान समय में सरकार भी कौशल विकास और स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित कर रही है। ऐसे में निजी क्षेत्र द्वारा स्थापित प्रशिक्षण संस्थान युवाओं को व्यावहारिक ज्ञान और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को नौकरी तलाशने के साथ-साथ स्वयं रोजगार सृजक बनने की दिशा में भी आगे बढऩा चाहिए। डॉ. दहिया ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता। प्रत्येक व्यवसाय समाज और अर्थव्यवस्था के विकास में अपना योगदान देता है। सफलता का आधार केवल ईमानदारी, लगन और निरंतर मेहनत है। यदि व्यक्ति अपने कार्य के प्रति समर्पित है और सीखने की इच्छा रखता है, तो वह किसी भी क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त कर सकता है।
उन्होंने कहा कि आज के युवा नई सोच और नए विचारों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। ऐसे में ब्यूटी, वेलनेस और ग्रूमिंग जैसे क्षेत्र तेजी से विकसित हो रहे हैं और इनमें रोजगार की अपार संभावनाएं हैं। युवाओं को अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुसार कौशल हासिल कर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हुनर ऐसा धन है जो व्यक्ति को जीवनभर सम्मान और रोजगार प्रदान करता है।

उपायुक्त ने कहा, वाइब सैलून एंड अकैडमी जैसी पहलें स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा करने के साथ-साथ युवाओं को प्रशिक्षित कर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का कार्य करेंगी। मुझे विश्वास है कि यह संस्थान आने वाले समय में अनेक युवाओं के सपनों को साकार करने का माध्यम बनेगा।
उन्होंने अकैडमी की आधुनिक व्यवस्था और प्रशिक्षण सुविधाओं की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की संस्थाएं शहर के विकास और युवाओं के कौशल संवर्धन में महत्वपूर्ण योगदान देती हैं। उन्होंने संचालक शुभम की उद्यमशील सोच की प्रशंसा करते हुए कहा कि किराये पर स्थान लेकर लगभग 35 लाख रुपये के निवेश से इस प्रतिष्ठान की स्थापना करना साहस, आत्मविश्वास और भविष्य के प्रति सकारात्मक सोच का परिचायक है।

उपायुक्त ने कहा कि किसी भी नए व्यवसाय की शुरुआत चुनौतियों से भरी होती है, लेकिन जो व्यक्ति मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ता है, उसके लिए सफलता के द्वार स्वयं खुलते चले जाते हैं। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपने कौशल को पहचानें, नई तकनीकों को सीखें और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें। इस अवसर पर अकैडमी के संचालक शुभम ने बताया कि वाइब सैलून एंड अकैडमी को आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया गया है, जहां सैलून सेवाओं के साथ-साथ युवाओं को पेशेवर प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस परियोजना पर लगभग 35 लाख रुपये का निवेश किया गया है और इसका उद्देश्य युवाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के लिए तैयार करना है।

शुभम ने कहा कि उनका सपना केवल एक सफल व्यवसाय स्थापित करना नहीं, बल्कि ऐसे युवाओं को मंच प्रदान करना है जो इस क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि अकैडमी में अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा नवीनतम तकनीकों और आधुनिक ट्रेंड्स के अनुसार प्रशिक्षण दिया जाएगा ताकि प्रशिक्षार्थी उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप दक्ष बन सकें। उद्घाटन समारोह के दौरान उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि कौशल विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली ऐसी परियोजनाएं समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने का कार्य करती हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अकैडमी आने वाले वर्षों में पानीपत के युवाओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगी। कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. विरेंद्र कुमार दहिया ने संचालक शुभम और उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मेहनत, गुणवत्ता और ग्राहकों के विश्वास के बल पर यह संस्थान निश्चित रूप से नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा और अनेक युवाओं के जीवन में सफलता का नया अध्याय लिखेगा। इस मौके पर रामकुमार, शुभम निदवानी, प्रवेश सरोहा, रिची सरोहा आदि मौजूद रहे।

Comments


Leave a Reply