Saturday, April 18, 2026
Newspaper and Magzine


गैस कटर से एटीएम काटकर लूट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़। गिरोह के 5 सदस्य गिरफ्तार। 2 वारदातों का खुलासा।

By LALIT SHARMA , in Crime in Panipat , at March 19, 2024 Tags: , , , , ,

वारदात में प्रयुक्त क्रेटा कार, गैस कटर, एलपीजी व ऑक्सीजन गैस सिलेंडर बरामद

BOL PANIPAT : 19 मार्च 2024,

    पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत के मार्गदर्शन में कार्रवाई करते हुए सीआईए वन पुलिस टीम ने एटीएम काटकर लूट करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर गिरोह के सरगना समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में बड़ी कामयाबी हासिल की। आरोपियों से पानीपत व करनाल की दो वारदातों को खुलासा हुआ।

    उप पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार ने मंगलवार को सीआईए वन स्टाफ में प्रेसवार्ता कर प्रकरण की जानकारी देते हुए बताया कि बीती 8 मार्च की देर रात बदमाशों ने नांगल खेड़ी के पास स्थित यूनियन बैंक के एटीएम को काटकर 3 लाख 69 हजार रूपये लूट की वारदात को अंजाम दिया था। बैंक मैनेजर दिनेश की शिकायत पर थाना औद्योगिक सेक्टर 29 में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की पहचान व धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
    उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए वन प्रभारी सब इंस्पेक्टर महिपाल सिंह व उनकी टीम को आरोपियों की धरपकड़ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। सीआईए वन टीम ने विभिन्न पहलुओं पर गहनता से जांच करते हुए सोमवार दोपहर मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर मुनक नहर पुल के पास से करेटा सवार आरोपी धीरज व मोहित निवासी राजीव कॉलोनी व रवि निवासी राम कॉलोनी करनाल को काबू कर पूछताछ की तो आरोपियों ने अपने चार अन्य साथी आरोपी रवि निवासी राम कॉलोनी, शिवा निवासी राजीव कॉलोनी करनाल व तारिक, खुर्शीद व इरफान निवासी अंदरौला पलवल के साथ मिलकर उक्त क्रेटा कार मे सवार होकर एटीएम लूट की उक्त वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। मौके पर क्रेटा कार से वारदात में प्रयुक्त गैस कटर, एपीजी व ऑक्सीजन गैस का सिलेंडर बरामद कर पुलिस टीम ने तीनों आरोपियों की निशानदेही पर आरोपी शिवा को करनाल से व तारिक उसके गांव अदरौला पलवल से गिरफ्तार किया।

    पूछताछ में आरोपियों ने उक्त वारदात के अतिरिक्त करीब एक महीना पहले करनाल में माल रोड पर एक्सिस बैंक के एटीएम को काटकर 6 लाख 69 हजार 800 रुपये लूट की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। उक्त वारदात बारे करनाल के थाना सिविल लाइन में अभियोग दर्ज है।

    शॉर्टकट तरीके से पैसे कमाने के लिए दिया वारदात को अंजाम

    उप पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि पूछताछ में खुलासा गिरोह का सरगना आरोपी तारिक है। आरोपी तारिक व मोहित ने झज्जर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज से वर्ष 2011 में एक साथ सिविल से डिप्लोमा किया था। तब से दोनों की दोस्ती है। कुछ महीने पहले आरोपी तारिक करनाल में मोहित व धीरज से मिलने आया। तब तारिक ने दोनों भाइयों को बताया कि उसके गांव का खुर्शीद व इरफान एटीएम काटकर लूट करने में एक्सपर्ट है। दोनों कुछ महीने पहले ही मध्य प्रदेश व महाराष्ट्र जेल से बेल पर बाहर आए है। उनके साथ मिलकर एटीएम लूट की वारदात को अंजाम देकर शॉर्टकट तरीके से मोटे पैसे कमा सकते है। तीनों ने अपने साथी रवि व शिवा को गिरोह में शामिल कर लूट की साजिश रची और आरोपी खुर्शीद व इरफान के साथ मिलकर पानीपत व करनाल में एकाएक एटीएम लूट की दो वारदातों को अंजाम दिया।

    रेकी कर वारदात को अंजाम दिया

    पूछताछ में खुलासा हुआ आरोपी धीरज ने फरार आरोपी खुर्शीद के साथ मिलकर पानीपत में वारदात को अंजाम देने से दो दिन पहले स्कॉर्पियों कार में सवार होकर रेकी की। इसके बाद 8 मार्च की देर रात आरोपी धीरज, मोहित, रवि, तारिक, खुर्शीद व इरफान  करेटा कार में सवार होकर पानीपत आए और नांगल खेड़ी के पास स्थित यूनियन बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर 3 लाख 69 हजार लूट कर फरार हो गए। वारदात को अंजाम देकर सभी आरोपी करनाल के मंगल नगर में गिरोह के सदस्य शिवा के किराये के कमरे पर गए और लूटी गई नकदी को बांटने के बाद आरोपी तारिक, खुर्शीद व इरफान बस में सवार होकर अपने घर चले गए। क्रेटा गाड़ी आरोपी धीरज की है।

    उप पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार ने बताया कि पुलिस ने मंगलवार को पांचों आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी शिवा को न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया। वही लूट गई नकदी, रेकी में प्रयुक्त स्कॉर्पियो कार बरामद करने व वारदात में शामिल फरार आरोपियों के ठिकानों का पता लगा काबू करने के लिए आरोपी धीरज, मोहित, रवि को 1 दिन के व तारिक को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर हासिल किया।

    Comments