बेटियों की उच्च शिक्षा को मिलेगा नया मंच, राजकीय महिला महाविद्यालय में दाखिले का सुनहरा अवसर: उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ
23 अगस्त तक मौका: राजकीय महिला महाविद्यालय में बीए और बीकॉम की सीटों पर प्रवेश जारी
पानीपत की बेटियों के लिए शिक्षा का नया द्वार, महिला महाविद्यालय में ‘पहले आओ, पहले पाओ’ आधार पर दाखिला
उच्च शिक्षा की ओर बढ़े बेटियां, राजकीय महिला महाविद्यालय में 240 सीटों पर प्रवेश प्रक्रिया जारी
BOL PANIPAT , 20 अगस्त। राजकीय महिला महाविद्यालय, पानीपत में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए दाखिला प्रक्रिया 9 अगस्त से शुरू हो चुकी है। शहर के मध्य विश्वस्वरूप कॉलोनी स्थित डायट कैंपस में महाविद्यालय का संचालन किया जा रहा है। यह महाविद्यालय भगत फूल सिंह महिला विश्वविद्यालय, खानपुर कलां से संबद्ध है। महाविद्यालय में बीए प्रोग्राम की 160 तथा बीकॉम की 80 सीटें उपलब्ध हैं।
उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि बेटियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर उपलब्ध करवाना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने कहा कि किसी भी समाज की प्रगति उसकी बेटियों की शिक्षा और आत्मनिर्भरता से जुड़ी होती है। जिले में राजकीय महिला महाविद्यालय शुरू होने से छात्राओं को अपने शहर में ही उच्च शिक्षा प्राप्त करने का महत्वपूर्ण अवसर मिला है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे बेटियों की शिक्षा को प्राथमिकता दें और उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का लाभ उठाने के लिए उन्हें प्रोत्साहित करें। उपायुक्त ने कहा कि शिक्षित बेटियां न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
महाविद्यालय प्राचार्या सुभाष चंद्र जागलान ने बताया कि महाविद्यालय में छात्राओं के लिए बीए और बीकॉम के पाठ्यक्रम उपलब्ध हैं। बीए में अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, भूगोल, अर्थशास्त्र, गणित, राजनीतिक विज्ञान, कंप्यूटर साइंस तथा शारीरिक शिक्षा जैसे विषय उपलब्ध करवाए गए हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में फिजिकल काउंसलिंग के माध्यम से ‘पहले आओ, पहले पाओ’ के आधार पर प्रवेश दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय का संचालन पानीपत शहर के मध्य स्थित डायट कैंपस में किया जा रहा है, जो मॉडल संस्कृति स्कूल, पानीपत लाल बत्ती चौक के नजदीक है। इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों की छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए सुविधाजनक स्थान पर अध्ययन का अवसर मिलेगा।
प्राचार्या ने छात्राओं से अपील की कि इच्छुक विद्यार्थी निर्धारित तिथि से पहले महाविद्यालय में पहुंचकर प्रवेश प्रक्रिया पूरी करें। शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश की अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि छात्राएं समय रहते उपलब्ध सीटों के अनुसार दाखिला सुनिश्चित करें और उच्च शिक्षा के इस अवसर का लाभ उठाएं।

Comments