Friday, April 17, 2026
Newspaper and Magzine


सरकार प्रशिक्षण के माध्यम से उत्पादन तकनीकों व नवाचारों की जानकारी देकर किसानों का कौशल विकास बढ़ायेगी: उपायुक्त

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 31, 2023 Tags: , , , , ,

– 1 सितंबर  से विभिन्न विषयों पर पांच व्यवसायिक प्रशिक्षण आयोजित किए जायेंगे
– प्रशिक्षणों के आरंभ होने की तारीख के दिन सुबह 8 बजे किसानों को कराना होगा अपना पंजीकरण
– पंजीकरण के लिए उम्मीदवारों की एक फोटो व आधार कार्ड की फोटोकॉपी साथ लेकर आनी होगी

BOL PANIPAT , 31 अगस्त। उपायुक्त डॉ वीरेंद्र कुमार दहिया ने जानकारी देते हुए बताया कि  बागवानी को बढावा देने के लिए चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार में 1 सितंबर  से विभिन्न विषयों पर पांच व्यवसायिक प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं। इन प्रशिक्षणों में विश्वविद्यालय के वैज्ञानिकों द्वारा प्रतिभागियों को उत्पादन तकनीकों व नवाचारों की जानकारी देकर उनका कौशल विकास बढ़ाया जाएगा। प्रशिक्षण के प्रतिभागियों को व्यवहारिक ज्ञान प्रदान करने के लिए प्रशिक्षण से संबंधित विश्वविद्यालय में स्थापित इकाईयों का भ्रमण करवाकर उनका ज्ञानवर्धन किया जाएगा।
    उपायुक्त ने बताया कि इन प्रशिक्षणों में एक से सात सितंबर तक भेड़ एवं बकरी पालन विषय पर किसानों को प्रशिक्षण दिया जायेगा। जबकि तीन दिवसीय चार प्रशिक्षणों में पहला प्रशिक्षण 15 से 18 सितंबर तक मशरूम उत्पादन तकनीक विषय पर होगा। दूसरा व तीसरा प्रशिक्षण 20 से 22 सितंबर तक सब्जियों की संरक्षित खेती और फल एवं सब्जी प्रशिक्षण विषय पर होगा। चौथा प्रशिक्षण 25 से 27 सितंबर तक मधुमक्खी पालन विषय पर आयोजित किए जाएगा। ये सभी प्रशिक्षण नि:शुल्क होंगे और प्रतिभागियों को संस्थान की तरफ से प्रमाण-पत्र भी दिए जाएंगे।
    उपायुक्त ने बताया कि इन प्रशिक्षणों के लिए इच्छुक युवक व युवतियां प्रशिक्षणों के आरंभ होने की तारीख के दिन सुबह 8 बजे आकर अपना पंजीकरण करवाकर प्रशिक्षण में भाग ले सकेंगे। सभी प्रशिक्षणों में प्रवेश पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर दिया जाएगा। पंजीकरण के लिए उम्मीदवारों की एक फोटो व आधार कार्ड की फोटोकॉपी साथ लेकर आनी होगी।

Comments