एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में ‘बी’ सर्टिफिकेट वितरण समारोह का भव्य आयोजन
– 12 हरियाणा एनसीसी बटालियन सोनीपत से सम्बद्ध 5 महाविधालयों के 100 एनसीसी कैडेट्स को किया गया सम्मानित
एनसीसी बटालियन का हर कार्य कैडेट्स के उज्जवल भविष्य निर्माण को समर्पित: कर्नल अनिल यादव
BOL PANIPAT , 16 नवम्बर :
एसडी पीजी कॉलेज पानीपत में ‘बी’ सर्टिफिकेट वितरण समारोह का भव्य आयोजन किया गया जिसमे 12 हरियाणा एनसीसी बटालियन सोनीपत से सम्बद्ध 5 महाविधालयों के सफल एनसीसी कैडेट्स को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम के मुख्य अतिथि बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल यादव रहे जिनका स्वागत एसडी पीजी कॉलेज उप-प्राचार्य डॉ नवीन गोयल ने तुलसी रोपित पौधा, शाल और विवेकानंद डायरी भेंट करके किया. उनके साथ एसएम सूबेदार मेजर सुरेश कुमार और पीआई स्टाफ से राजेश कुमार ने भी कार्यक्रम में शिरकत कर सफल कैडेट्स की हौंसला अफजाई की. दोनों मेहमानों का स्वागत एनसीसी एएनओ लेफ्टिनेंट बलजिंदर सिंह, सीटीओ (महिला) डॉ दीपा वर्मा और डॉ एसके वर्मा ने किया. इस सर्टिफिकेट वितरण समारोह में एसडी पीजी कॉलेज पानीपत के अलावा आईबी कॉलेज पानीपत, आर्य कॉलेज पानीपत, राजकीय महाविधालय इसराना और बीपीएस महिला विश्वविधालय खानपुर के 100 से अधिक कैडेट्स ने हिस्सा लिया. सर्टिफिकेट वितरण समारोह का आयोजन 12 हरियाणा एनसीसी बटालियन सोनीपत के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल यादव की पहल पर किया गया जिसका उद्देश्य कैडेट्स की मेहनत और लगन को प्रौत्साहित करना था.
कमांडिंग ऑफिसर कर्नल अनिल यादव ने कहा कि इस कार्यक्रम को आयोजित करने का मकसद कैडेट्स के मन में इस बात का बोध कराना है कि 12 हरियाणा एनसीसी बटालियन का हर कार्य कैडेट्स के उज्जवल भविष्य निर्माण को समर्पित है. कैडेट्स ने ये सर्टिफिकेट्स कड़ी मेहनत और लगन के बाद प्राप्त किये है और ऐसे में इन्हें कैडेट्स को गर्व के साथ सौंपना एक नई एवं अच्छी पहल है. उन्होनें कहा कि सर्टिफिकेट अर्जित करने से ज्यादा कैडेट्स को अपनी ट्रेनिंग के दौरान सिखाये जाने वाले गुणों को खुद में धारण करना होगा. तभी उनका चयन सेनाओं, अर्ध-सैनिक बलों और बेल्ट-वाली सेवाओं में हो पायेगा. उन्होनें ‘बी’ सर्टिफिकेट परीक्षा को सफलता के साथ पास करने वाले कैडेट्स को बधाई दी और उन्हें प्रेरित करते हुए ‘सी’ सर्टिफिकेट परीक्षा के लिए भी शुभकामनायें दी.
डॉ नवीन गोयल उप-प्राचार्य एवं वाणिज्य विभाग विभागाध्यक्ष ने अपने स्वागतीय भाषण में कर्नल अनिल यादव की इस नई पहल की तारीफ़ की और कहा कि बटालियन के कमांडिंग ऑफिसर का खुद चलकर कैडेट्स के पास आना इस बात का द्योतक है की बटालियन और इसका नेतृत्व कैडेट्स के भविष्य को लेकर कितना संजीदा और प्रयत्नशील है. आज का प्रयास बेशक दिखने में छोटा लग रहा हो परन्तु कैडेट्स के आत्मविश्वास और उत्साह पर इसके दूरगामी प्रभाव होंगे. एनसीसी कैडेट्स के जीवन में ‘बी’ और ‘सी’ सर्टिफिकेट के मायने अतुल्य है. सफल सर्टिफिकेट्स हासिल करने वाले कैडेट्स को इनका लाभ न सिर्फ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में मिलता है बल्कि कितनी ही प्रतियोगी परीक्षाओं में ऐसे कैडेट्स को लिखित परीक्षा से भी छूट मिलती है. उन्होनें सभी सफल कैडेट्स के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी.
पवन गोयल प्रधान एसडी पीजी कॉलेज ने अपने सन्देश में कहा कि एनसीसी से अनुसाशन एवं ईमानदार कर्म की भावना हमारे व्यवहार मे उतर आती है. एनसीसी से न सिर्फ हमारा तन स्वस्थ रहता है बल्कि यह जीवन की चुनौतियों का सामना करने का हौंसला भी हमें देता है. परिपक्वता एवं आत्मविश्वास के लिए एनसीसी बहुत सहायक है और कॉलेज प्रशासन कैडेट्स को सैदेव नए अवसर प्रदान करता रहेगा. एनसीसी की सबसे बड़ी विशेषता इसका रोजगारपरक होना है. अच्छा प्रदर्शन करने वाले एनसीसी कैडेट्स को केंद्र और राज्य सरकार की नौकरियों में वरीयता और आरक्षण मिलता है.
एनसीसी ऑफिसर लेफ्टिनेंट डॉ बलजिंदर सिंह ने कहा कि एनसीसी के ‘बी’ एवं ‘सी’ सर्टिफिकेट धारक अभ्यर्थीयो को सेना में भर्ती होते समय योग्यता क्रम सूची में पूरा लाभ मिलता है. आज के समय में विभिन्न राज्य सरकारें, केंद्र और पेशेवर व्यवसायिक कॉलेजों में एनसीसी कैडेटों के लिए विशेष स्थान सुरक्षित रखते हैं और रोजगार में भी प्रोत्साहन देते हैं. एनसीसी का हिस्सा बने हर कैडेट को एनसीसी से कुछ न कुछ लाभ अवश्य मिलता है.
इस अवसर पर कॉलेज के स्टाफ सदस्य जिनमें डॉ एसके वर्मा, शशि मोहन गुप्ता, दीपक मित्तल मौजूद रहे.

Comments