Sunday, October 4, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य पी.जी. कॉलेज में अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन दिवस की पूर्व संध्या पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at September 26, 2026 Tags: , , , ,

⁃ डिजिटल एजेंडा और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से बदलेगी पर्यटन उद्योग की तस्वीर: प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता
⁃ प्रश्नोत्तरी व पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर

BOL PANIPAT , शनिवार 26 सितंबर 2026: आर्य पी.जी. कॉलेज, पानीपत के पर्यटन प्रबंधन विभाग द्वारा 27 सितंबर को मनाए जाने वाले ‘अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन दिवस’ की पूर्व संध्या पर एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन कॉलेज के कॉन्फ़्रेंस हॉल में किया गया। इस वर्ष के विश्व पर्यटन दिवस की थीम “डिजिटल एजेंडा एंड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टू रीडिज़ाइन टूरिज़म” रखी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ज़ेनिथ लेज़र हॉलीडेज़ कंपनी की एच.आर. श्रीमती मीरा कलौनी ने शिरकत की। वहीं, ज़ेनिथ लेज़र हॉलीडेज़ के सेल्स मैनेजर श्री हेमंत शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।
कॉलेज के प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने कॉलेज प्रांगण में पहुँचने पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।
प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता ने पर्यटन दिवस की बधाई देते हुए कहा, “आज का दौर तकनीक का दौर है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल एजेंडा पर्यटन क्षेत्र को नए आयाम दे रहे हैं। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की मदद से पर्यटक अपनी यात्राओं को अधिक सुविधाजनक, सुरक्षित और व्यक्तिगत प्राथमिकताओं के अनुसार योजनाबद्ध कर सकते हैं। शिक्षा और उद्योग दोनों को मिलकर इस नई तकनीक को अपनाना होगा ताकि युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हो सकें।
मुख्य अतिथि मीरा कलौनी (एच.आर., ज़ेनिथ लेज़र हॉलीडेज़) ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा, “पर्यटन उद्योग में तकनीक का समावेश केवल सुविधा के लिए ही नहीं, बल्कि वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा में बने रहने के लिए भी अनिवार्य है। एआई और डिजिटल टूल्स के माध्यम से पर्यटन कंपनियां ग्राहकों को बेहतर अनुभव प्रदान कर रही हैं। पर्यटन क्षेत्र में करियर बनाने वाले छात्रों को इन आधुनिक तकनीकों से खुद को अपडेट रखना चाहिए।”
ज़ेनिथ लेज़र हॉलीडेज़ के सेल्स मैनेजर व मुख्य वक्ता हेमंत शर्मा ने कहा, “डिजिटल क्रांति ने पर्यटन के विपणन (मार्केटिंग) और बिक्री के तरीकों को पूरी तरह से बदल दिया है। आज के उपभोक्ता अपनी उंगलियों पर पूरी यात्रा की योजना बना रहे हैं। आने वाले समय में जो युवा डिजिटल टूल्स और एआई-आधारित समाधानों में निपुण होंगे, उनके लिए टूरिज्म सेक्टर में अपार संभावनाएं होंगी।”
पर्यटन विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. अंकुर मित्तल ने अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा, “विश्व पर्यटन दिवस केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि यह इस क्षेत्र में आ रहे बदलावों को समझने और अपनाने का अवसर है। हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल सैद्धांतिक ज्ञान देना है, बल्कि उन्हें पर्यटन उद्योग की आधुनिक जरूरतों और तकनीकी विकास के लिए पूरी तरह से तैयार करना भी है।
कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता और पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता का आयोजन कराया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और सांस्कृतिक विविधता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विजेताओं को क्रमशः ₹2100/-, ₹1500/- और ₹1100/- की नकद पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे।
प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रितिका और हिमांशी टीम ने हासिल किया, द्वितीय स्थान लवली और नंदनी की टीम ने और तृतीय स्थान महक और ज्योति की टीम ने अपने नाम किया।
पारंपरिक वेशभूषा प्रतियोगिता में प्रथम स्थान बीजेएमसी तृतीय वर्ष के पुनीत किराडिया ने हासिल किया, द्वितीय स्थान बीजेएमसी तृतीय वर्ष की राधिका तिवारी ने और वहीं तृतीय स्थान बीए की खुशी ने अपने नाम किया।
कार्यक्रम का कुशल मंच संचालन प्राध्यापिका काजल राणा द्वारा किया गया। इस अवसर पर पर्यटन विभाग के प्राध्यापक नवीन कुमार, साहिल शर्मा सहित कॉलेज के अन्य शिक्षकगण एवं भारी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Comments


Leave a Reply