आर्य कॉलेज के गुनीत व तमन्ना ने राष्ट्रीय मीडिया फेस्ट में जीते दो प्रथम पुरस्कार.
BOL PANIPAT- शनिवार 26 अक्तूबर 2024, पंजाब के राजपुरा में स्थित चितकारा विश्वविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय उडान मीडिया उत्सव में आर्य कॉलेज के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा को लौहा मनवाते हुए अलग-अलग विधाओं में दो प्रथम पुरस्कार जीत कर कॉलेज का नाम रोशन किया। कॉलेज प्राचार्य ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामना देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उन्होंने जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. दिनेश गाहल्याण, शिवांक रावल, केशव शर्मा व प्राध्यापिका गजल पांचाल व सोनू को इस शानदार उपलब्धि पर बधाई दी।

प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि 25 अक्तूबर 2024 को पंजाब के राजपुरा में स्थित चितकारा विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय उडान मीडिया फेस्ट आयोजन करवाया गया। मीडिया फेस्ट में पंजाब, हिमाचल, चंडीगढ व हरियाणा के विश्वविद्यालयों व कॉलेजों के लगभग 1000 विद्यार्थियों ने भाग लिया। मीडिया फेस्ट में अलग-अलग विधाऐं आयोजित करवाई गई। समाचार पत्र डिजाइन की विधा में आर्य कॉलेज के जनसंचार विभाग के अंतिम वर्ष के छात्र गुनीत सिंह ने शानदार समाचार पत्र डिजाइन कर प्रथम पुरस्कार हासिल किया। वहीं जनसंचार विभाग की प्रथम वर्ष की छात्रा तमन्ना ने स्टोरी राइटिंग की विधा में प्रथम पुरस्कार हासिल किया। उन्होंने बताया कि कॉलेज के जनसंचार विभाग के विद्यार्थी वर्ष भर थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिल कार्य पर ज्यादा मेहनत करते हैं क्योंकि मीडिया का क्षेत्र ही प्रैक्टिल है, इसी का परिणाम है कि इन विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर के मीडिया फेस्ट में इतनी शानदार उपलब्धि हासिल की।

Comments