सांसद संजय भाटिया ने कार्यक्रम स्थल का किया दौरा
भव्य होगा गुरू तेग बहादुर का 400वां प्रकाश उत्सव समारोह: सांसद संजय भाटिया
BOL PANIPAT , 21 मार्च। सांसद संजय भाटिया ने गुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में प्रस्तावित समारोह की तैयारियों के दृष्टिगत सोमवार को स्थानीय सैक्टर 13-17 में विभिन्न गणमान्यों के साथ कार्यक्रम स्थल का दौरा किया और कार्यक्रम को भव्य रूप से मनाने को लेकर विस्तृत रूप से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि व्यवस्थाओं को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने के लिए समन्वय स्थापित कर काम करें। गुरू तेग बहादुर के 400वें प्रकाश उत्सव के उपलक्ष्य में पानीपत में होने वाले कार्यक्रम को आगामी 24 अप्रैल को भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में दूर-दूर से साध संगत शिरकत करेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल की व्यवस्थाओं में कोई कमी ना रहे। सांसद ने कहा कि कार्यक्रम में पूज्य संतों और अन्य प्रमुख सख्सियतों के मार्ग की व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के लिए प्रशासनिक अमले को मुस्तैद करें।
साथ ही साध संगत के कार्यक्रम स्थल तक पंहुचने के रास्तों की व्यवस्थाओं के लिए भी सम्बंधित अधिकारी गति से काम करें। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर साध संगत के लिए लंगर व पेयजल की व्यवस्थाएं सही हों इसका भी ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल पर साध संगत की सम्भावित संख्या को देखते हुए प्रर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था भी की जाए।
उपायुक्त सुशील सारवान ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रवेश द्वार 100 फिट चौड़ा होगा। बाहर से आने वाली साध संगत टोल की तरफ से होते हुए सैक्टर 13-17 में कार्यक्रम स्थल पर पंहुचेगी। पानीपत जिला के स्थानीय लोग बरसत रोड़ होते हुए कार्यक्रम स्थल पर आएंगे।
इस मौके पर मेयर अवनीत कौर, पूर्व विधायक सरदार बख्शीश सिंह, पंजाबी साहित्य अकादमी हरियाणा के उपाध्यक्ष गुरविंदर सिंह धमीजा, मुख्यमंत्री के पूर्ण राजनैतिक सलाहरकार जगदीश चौपड़ा, हरपाल सिंह, नितिसैन भाटिया, हरभजन निगदू, उपायुक्त सुशील सारवान, एसपी शशांक कुमार सावन, एसडीएम विरेन्द्र कुमार ढूल, ईओ एचएसवीपी अनुपमा मलिक इत्यादि उपस्थित रहे। इससे पूर्व सांसद संजय भाटिया ने स्थानीय लघु सचिवालय में उपरोक्त विषय पर बैठक कर विचार-विमर्श भी किए जिसमें विधायक प्रमोद विज, महिपाल ढांडा भी उपस्थित रहे।

Comments