इंडिया पोस्ट फ्रेंचाइजी योजना 2.0 स्वरोजगार का सुनहरा अवसर, 24 अगस्त तक आवेदन: पोस्ट मास्टर संदीप
इंडिया पोस्ट से जुडक़र बनें आत्मनिर्भर, फ्रेंचाइजी योजना में प्रार्थी करें आवेदन
अपना व्यवसाय बढ़ाएं, अतिरिक्त आय कमाए
रोजगार और कारोबार बढ़ाने का मौका, इंडिया पोस्ट फ्रेंचाइजी योजना 2.0 बनी आकर्षण का केंद्र
BOL PANIPAT , 17 अगस्त। स्वरोजगार को बढ़ावा देने तथा आमजन को उनके निकट गुणवत्तापूर्ण डाक सेवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इंडिया पोस्ट फ्रेंचाइजी योजना 2.0 के अंतर्गत पात्र एवं इच्छुक व्यक्तियों से भारतीय डाक विभाग आवेदन आमंत्रित किए गए। आवेदन की अंतिम तिथि 24 अगस्त है।
मुख्य डाकघर के पोस्ट मास्टर संदीप धीमान ने बताया कि करनाल डाक मंडल के प्रवर अधीक्षक पंकज कुमार मीना के निर्देशानुसार इंडिया पोस्ट फ्रेंचाइजी योजना में ग्राहकों की सुविधा एवं व्यवसाय के विस्तार को ध्यान में रखते हुए अनेक नई सुविधाएं जोड़ी गई हैं। यह योजना दुकानदारों, व्यापारियों, स्वरोजगार से जुड़े व्यक्तियों, स्टार्टअप, उद्यमियों तथा अन्य इच्छुक नागरिकों के लिए इंडिया पोस्ट फ्रेंचाइजी बनकर डाक सेवाएं प्रदान करने एवं आकर्षक कमीशन अर्जित करने का सुनहरा अवसर है। ऐसे व्यक्तियों के लिए यह एक उत्कृष्ट अवसर है जो अपना व्यवसाय स्थापित करना चाहते हैं अथवा अपने वर्तमान व्यवसाय के साथ एक अतिरिक्त एवं विश्वसनीय आय का स्रोत विकसित करना चाहते हैं।
फ्रेंचाइजी के माध्यम से स्पीड पोस्ट, पार्सल की बुकिंग, डाक टिकट एवं डाक स्टेशनरी की बिक्री तथा विभाग द्वारा समय-समय पर अनुमोदित अन्य सेवाएं प्रदान की जा सकेंगी। इन सेवाओं के संचालन पर विभाग द्वारा निर्धारित दरों के अनुसार आकर्षक कमीशन प्रदान किया जाएगा, जिससे फ्रेंचाइजी धारक नियमित आय अर्जित कर सकेंगे। साथ ही भारतीय डाक विभाग द्वारा आवश्यक प्रशिक्षण एवं तकनीकी मार्गदर्शन भी उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे सेवाओं का संचालन सरल एवं सुचारु रूप से किया जा सके।
उन्होंने योजना के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय डाक लेखों की बुकिंग की सुविधा। कैश ऑन डिलीवरी लेखों की बुकिंग एवं पार्सलों की डिलीवरी। पिक-अप, बुकिंग एवं डिलीवरी सहित एकाधिक फ्रेंचाइजी मॉडल। एपीटी 2.0 आधारित मोबाइल ऐप एवं डेस्कटॉप सेल्फ-सर्विस पोर्टल। वॉलेट एवं डायरेक्ट बैंकिंग के माध्यम से डिजिटल भुगतान की सुविधा। प्रतिदिन सिस्टम द्वारा कमीशन की गणना एवं भुगतान प्रक्रिया। शिकायतों के त्वरित निस्तारण हेतु समर्पित ऑनलाइन शिकायत निवारण प्रणाली प्रमुख है।
फ्रेंचाइजी के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी की आयु न्यूनतम 18 वर्ष तथा शैक्षणिक योग्यता 12वीं उत्तीर्ण होनी चाहिए। आवेदक के पास उपयुक्त एवं आसानी से पहुंच योग्य व्यावसायिक परिसर होना आवश्यक है। कंप्यूटर संचालन का सामान्य ज्ञान रखने वाले तथा जनसेवा के प्रति रुचि रखने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी। पोस्ट मास्टर संदीप धीमान ने सभी पात्र एवं इच्छुक नागरिकों से अपील की है कि वे इस योजना का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनें। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित आवेदन प्रपत्र एवं योजना संबंधी विस्तृत जानकारी कोर्ट परिसर में स्थापित डाकघर या अपने निकटतम डाकघर से प्राप्त कर सकते हैं। पूर्ण रूप से भरा हुआ आवेदन पत्र आवश्यक दस्तावेजों सहित कार्यालय में जमा किया जा सकता है।

Comments