राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व देशभक्ति की भावना जागृत करेगा हर घर तिरंगा अभियान: डीसी
– हर घर तिरंगा अभियान के तहत 13-14-15 अगस्त को घर-घर फहरेगा तिरंगा
BOL PANIPAT : 28 जुलाई। देश की आजादी के 75वें वर्ष के उपलक्ष्य में केंद्र सरकार की ओर से आजादी अमृत महोत्सव के तहत पूरे राष्ट्र में आगामी 13-14 व 15 अगस्त को हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रप्रेम की भावना से ओतप्रोत होकर देश में लोग अपने घर की छत पर राष्ट्रीय ध्वज के प्रति प्रेम व देशभक्ति की भावना से तिरंगा फहराते हुए राष्ट्रीय एकता का संदेश देंगे।
डीसी सुशील सारवान ने कहा कि जनभागीदारी की भावना के साथ आजादी का अमृत महोत्सव देश भर में गरिमामयी ढंग से मनाया जा रहा है और हर घर तिरंगा अभियान भी इसी सार्थक मुहिम का भाग है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आजादी के अमृत महोत्सव को यादगार बनाने के लिए केंद्र सरकार के ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में जिला के जन-जन में इस महाअभियान के प्रति जागरूकता फैलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने बताया कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस सप्ताह के दौरान 13 अगस्त से 15 अगस्त के बीच देशभर में हर घर पर तिरंगा फहराने के महाअभियान को सफल बनाने के लिए जिला के विश्वविद्यालय, महाविद्यालयों, विद्यालयों व शिक्षण संस्थानों से हर घर तिरंगा अभियान के प्रति भाषण, निबंध लेखन, गायन, प्रश्रोतरी एवं चित्रकला जैसी प्रतियोगिताओं व साईकिल रैली, प्रभात फेरी के माध्यम से आमजन में जागरूकता फैलाने का आग्रह किया है।
राष्ट्र ध्वज देश के गौरव एवं मूल्यों का प्रतीक: डीसी
डीसी सुशील सारवान ने बताया कि राष्ट्र ध्वज तिरंगा देश के गौरव एवं मूल्यों का प्रतीक है। देश की आजादी के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर सरकार की ओर से इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर तिरंगा फहराने का निर्णय लिया गया है। हर घर तिरंगा अभियान के तहत स्वतंत्रता दिवस वाले सप्ताह में 13 अगस्त से 15 अगस्त 2022 के दौरान देश में सभी घरों पर तिरंगा फहराने की परिकल्पना की गई है। उन्होंने कहा कि जिला के शिक्षण संस्थान हर घर तिरंगा अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं और आमजन को अपने घरों पर राष्ट्र ध्वज फहराने को प्रेरित कर सकते हैं। इस विषय पर ऊर्जा का संचार करने के लिए भाषण, निबंध लेखन, गायन, प्रश्रोतरी, चित्रकला आदि प्रतियोगिताएं शिक्षण संस्थानों में आयोजित की जा रही हैं।

Comments