अंतोदय केंद्र बेसमेंट में किया हेल्प डेस्क स्थापित, पात्र युवा ले सकते हैं जानकारी: जयपान सिंह
-छात्रवृत्ति योजनाओं पर सरकार का बड़ा अपडेट
-एससी, ओबीसी, ईबीसी व डीएनटी छात्रों के लिए नए शैक्षणिक सत्र से नई व्यवस्था लागू
BOL PANIPAT , 19 नवंबर। जिला समाज कल्याण अधिकारी जयपान सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि हरियाणा सरकार ने वर्ष 2025-26 से पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल के माध्यम से लागू करने का निर्णय लिया है।
उन्होंने बताया कि यह कदम छात्रों को पारदर्शी, सरल और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण है। विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, सभी जिला अधिकारियों को योजना का व्यापक प्रचार करने और अंत्योदय केंद्रों पर अतिरिक्त एनएसपी हेल्पडेस्क स्थापित करने के आदेश दिए गए हैं। इन हेल्पडेस्कों के माध्यम से छात्रों को दस्तावेज़ों की जाँच, ऑनलाइन आवेदन, केवाईसी तथा अन्य सहायता समय पर उपलब्ध कराई जाएगी।
जयपान सिंह ने कहा कि विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि छात्रवृत्ति से संबंधित सभी दिशा-निर्देश, एसओपी, केवाईसी फार्म और ओटीआर प्रक्रिया की जानकारी विभाग द्वारा उपलब्ध करा दी गई है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नई डिजिटल व्यवस्था से पात्र छात्रों को बिना किसी परेशानी के छात्रवृत्ति का लाभ मिलेगा और अधिक से अधिक विद्यार्थी उच्च शिक्षा की ओर अग्रसर होंगे।

Comments