आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय , पानीपत में बी.कॉम एवं बी.बी.ए. प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित
BOL PANIPAT : आई.बी. स्नातकोत्तर महाविद्यालय, पानीपत में बी.कॉम एवं बी.बी.ए. प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अभिविन्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न सुविधाओं, छात्र हितैषी प्रकोष्ठों एवं अन्य गतिविधियों से अवगत कराना था। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ। उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें जीवन के इस नए शैक्षणिक चरण के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अध्ययन, अनुशासन एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने तथा महाविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे विभिन्न अवसरों का भरपूर लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के ज्ञान, व्यक्तित्व, कौशल एवं भविष्य निर्माण का महत्वपूर्ण केंद्र है। महाविद्यालय की उप-प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें कॉलेज जीवन के लिए शुभकामनाएं दी। इसके पश्चात महाविद्यालय की विभिन्न समितियों एवं प्रकोष्ठों के संयोजको ने विद्यार्थियों को उनकी कार्यप्रणाली एवं उपलब्ध अवसरों के बारे में जानकारी दी। परीक्षा नियंत्रक डॉ. पूनम मदान ने परीक्षा प्रणाली, आंतरिक मूल्यांकन तथा परीक्षा संबंधी आवश्यक नियमों एवं प्रक्रियाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। समय-सारिणी संयोजक डॉ. सुनित शर्मा ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय की समय-सारणी का पालन करने तथा नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने के महत्व के बारे में बताया। प्लेसमेंट सेल व पुस्तकालय से संबंधित जानकारी डॉ. ज्योति गहलोत द्वारा प्रदान की गई । सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रभारी डॉ. किरण मदान ने महाविद्यालय में आयोजित होने वाली विभिन्न सांस्कृतिक एवं प्रतिभा विकास गतिविधियों की जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को उनमें बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया। शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार ने खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के लिए खेलकूद गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए प्रेरित किया। स्किल डेवलपमेंट सेंटर के संयोजक श्री अजयपाल सिंह ने विद्यार्थियों को विभिन्न कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी व्यावसायिक एवं व्यक्तिगत क्षमताओं को विकसित करने के लिए प्रेरित किया। इंटर्नशिप सेल के बारे में डॉ. चेतना नरूला ने विद्यार्थियों को इंटर्नशिप के महत्व को समझाते हुए बताया कि इंटर्नशिप विद्यार्थियों को वास्तविक कार्यक्षेत्र से जोड़ते हुए उनके भविष्य के करियर के लिए तैयार करने में सहायक होती है। एन.एस.एस. से संबंधित जानकारी देते हुए सुश्री खुशबू ने राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से होने वाली विभिन्न सामाजिक एवं सामुदायिक गतिविधियों के बारे में बताया तथा विद्यार्थियों को समाज सेवा की भावना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। वहीं एन.सी.सी. के बारे में जानकारी देते हुए डॉ. नरवीर ने बताया कि एन.सी.सी. विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास एवं राष्ट्र सेवा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. ज्योति गहलोत ने किया। कार्यक्रम में वाणिज्य विभाग के सभी प्राध्यापक – सहायक प्रो. माधवी, राजेश बाला, रूहानी शर्मा, साक्षी मुंजाल, करुणा सचदेवा, निशा गुप्ता, रीना रानी, रुचिका बत्रा, मनीत कौर, सोनिया विरमानी, सुखजिन्दर सिंह, जागृति, निशा गोयल, आकांशा शर्मा, आँचल, रूबी, अन्नू बेनीवाल, दिव्या व अन्य शिक्षकगण व गैर- शिक्षक कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Comments