आई.बी.एल.पब्लिक स्कूल में हरियाली तीज एवं स्वतंत्रता दिवस समारोह का भव्य आयोजन
BOL PANIPAT : आई.बी.एल.पब्लिक स्कूल में 15 अगस्त को हरियाली तीज एवं स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण के साथ हुआ। ध्वजारोहण विद्यालय के प्रबंधक युधिष्ठिर मिगलानी , सचिव राजेश नागपाल प्रधानाचार्या अमिता चोपड़ा , उप-प्रधानाचार्या मीना तनेजा एवं प्रशासनिक अधिकारी गोबिंद कालड़ा द्वारा किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने राष्ट्रगान प्रस्तुत कर देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया।

कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, लघु नाटिका, एकल नृत्य एवं समूह नृत्य प्रस्तुत किए गए। रंग-बिरंगे परिधानों में विद्यार्थियों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। हरियाली तीज की पारंपरिक संस्कृति और स्वतंत्रता दिवस की देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को विशेष रूप से आकर्षक बना दिया।
हरियाली तीज के पर्व पर किंडरगार्डन के छोटे-छोटे बच्चों को बताया गया कि यह पर्व सावन माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाया जाता है। इस अवसर पर मेहँदी लगाकर चुडि़यॉं पहनाकर, झूला झुलाकर तथा घेवर खिलाकर इस पारंपरिक संस्कृति से अवगत कराया।
इस अवसर पर प्रधानाचार्या अमिता चोपड़ा ने सभी को हरियाली तीज एवं स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं एवं राष्ट्रीय मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा भारतीय संस्कृति और परंपराओं को सहेजने के लिए प्रेरित किया।
समारोह का समापन विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं विद्यालय परिवार के उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ हुआ। कार्यक्रम ने सभी के मन में राष्ट्रीय गौरव, सांस्कृतिक चेतना एवं एकता की भावना को और अधिक प्रबल किया।
मंच संचालन अध्यापिका रिया गांधी ने किया
प्रबंधक कमेटी के सदस्यों तथा प्रधानाचार्या अमिता चोपड़ा ने सभी शिक्षकों , कर्मचारियों तथा बच्चों को स्वतंत्रता दिवस तथा हरियाली तीज की बधाई दी ।

Comments