आईटीआई बापौली में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर जागरूक किया व नशा न करने की शपथ दिलाई।
विद्यार्थी नशे से दूर रहकर जीवन में आगे बढ़े : उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह
BOL PANIPAT : 17 जून 2025, समाज को नशा मुक्त करने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा प्रदेश में 12 से 26 जून तक नशा मुक्त भारत पखवाड़ा अभियान चलाया गया है। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर जागरूक करना व नशा न करने बारे प्रेरित करना है।
पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस ने जिला में अभियान के सफल आयोजन के लिए उप पुलिस अधीक्षक समालखा श्री नरेंद्र सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त करने के साथ ही सभी प्रर्यवेक्षण अधिकारियों, थाना प्रबंधकों व चौकी इंचार्जो को विशेष दिशा निर्देश दिए है।
अभियान के तहत पुलिस टीम ने मंगलवार को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बापौली में विद्यार्थियों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देकर जागरूक किया और जीवन में नशा न करने की शपथ दिलाई। इस दौरान आईटीआई का स्टाफ भी मौजूद रहा।
नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह ने कहा कि नशा एक गंभीर समस्या है। नशा शरीर और मस्तिष्क पर बहुत ही गलत प्रभाव डालता हैं। नशे का आदी होना आसान है, लेकिन इस लत से छुटकारा पाना बेहद मुश्किल हो जाता है। नशे की लत के कारण स्वास्थ्य को होने वाले नुकसान की भरपाई करना बेहद कठीन है।
उन्होंने कहा की नशे के कारण व्यक्ति का समाजिक व पारिवारिक जीवन तबाह हो जाता है। समाज में कई लोग ऐसे होते है जो नशे की लत पाल कर पूरी तरह नशे के आदी हो जाते हैं, उनके लिए वापस लौटना और जिंदगी की नयी शुरुआत करना मुश्किल होता है, क्योंकि नशे के कारण उनमें इतना मनोबल भी नहीं होता कि नशा छोड़ने के लिए संकल्प ले सकें।
नशा व्यक्ति के शरीर के लिए तो हानिकारक है ही, साथ में यह अपराध करने का मुख्य कारण भी बनता है। जो व्यक्ति नशा करने लग जाता है तो वह नशा पूर्ति के लिए पैसे ना होने पर अपराधिक वारदातों को अंजाम देने लग जाता है।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थी नशे से दूर रहकर पढ़ाई के साथ-साथ खेलों में हिस्सा लेकर जीवन को सवारें और परिवार व देश का नाम विश्व पटल पर चमकाएं। विद्यार्थी देश का भविष्य है।

Comments